अनन्या ने जीता एकल खिताब, युगल में शगुन व इरम की जोड़ी चैंपियन

लखनऊ। तीसरी वरीय अनन्या जैन ने 25वीं आरएस सागर मेमोरियल ऑल इंडिया महिला प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट में एकल का खिताब जीत लिया जबकि तीसरी वरीय यूपी की शगुन कुमारी व इरम जैदी की जोड़ी युगल चैंपियन बनी।

25वीं आरएस सागर मेमोरियल ऑल इंडिया महिला प्राइजमनी टेनिस टूर्नामेंट

उत्तर प्रदेश टेनिस एसोसिएशन के तत्वावधान में एसडीएस टेनिस अकादमी द्वारा लामार्टिनियर कॉलेज स्थित लामार्टिनियर लॉन टेनिस फैसिलिटी में आयोजित टूर्नामेंट में शनिवार को एकल और युगल फाइनल खेले गए। एकल फाइनल में तीसरी वरीय अनन्या जैन ने चौथी वरीय शताक्षी चौधरी को हराया। मुकाबले में स्कोर 3-3 से बराबर था, तभी शताक्षी ने मांसपेशियों में खिंचाव के कारण मैच छोड़ दिया और अनन्या को विजेता घोषित किया गया।

एकल फाइनल के बाद शताक्षी ने खुद को संभाला और सौमित्रा के साथ युगल फाइनल में चुनौती पेश की। इसमे तीसरी वरीय यूपी की शगुन कुमारी व इरम जैदी की जोड़ी का सामना दूसरी वरीय शताक्षी व सौमित्रा की जोड़ी से हुआ। मैच में शगुन व इरम ने 4-6, 6-1, 10-4 की जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया।

शताक्षी व सौमित्रा ने पहला सेट जीतकर बढ़त बनाई, लेकिन शगुन व इरम ने दूसरे सेट में शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। इसके बाद मुकाबला निर्णायक तीसरे सेट में पहुंचा, जहां दोनों जोड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। अंत में शगुन और इरम की जोड़ी सुपर टाईब्रेक में जीत से युगल विजेता बनी। विजेताओं को टूर्नामेंट रेफरी अमृतन्जय कुमार और हिंद गौरव कुशवाहा ने पुरस्कार बांटे।