इंदौर में भूटिया ने शुरू की फुटबॉल अकादमी, बोले- प्रतिभाओं की कमी नहीं, सही मंच जरूरी

भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व कप्तान और सितारा स्ट्राइकर बाइचुंग भूटिया ने इंदौर के चोइथराम इंटरनेशनल स्कूल में मंगलवार को बाइचुंग भूटिया फुटबॉल स्कूल की औपचारिक शुरुआत की। इसके साथ ही, यह संस्थान राज्य में भूटिया की फुटबॉल अकादमी शुरू करने वाला पहला केंद्र बन गया है।

इस मौके पर भूटिया ने संवाददाताओं से कहा कि उनकी अकादमी का मुख्य उद्देश्य फुटबॉल की स्थानीय पौध को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि भारत में फुटबॉल अभी विकासशील स्थिति में है और खेल के सामने कई चुनौतियां हैं।

उन्होंने जोर देकर कहा कि देश में फुटबॉल प्रतिभाओं की कमी नहीं है, लेकिन खिलाड़ियों को सही मंच देना, ज्यादा से ज्यादा प्रतियोगिताएं कराना और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ियों को मैदान तक लाना सबसे बड़ी चुनौती है। फीफा विश्व कप में भारत के जगह बनाने की संभावनाओं पर भूटिया ने कहा कि इस लक्ष्य में सफलता के लिए फुटबॉल का संपूर्ण पारिस्थितिकी तंत्र, सही प्रशिक्षण कार्यक्रम और फुटबॉल संस्कृति का निर्माण जरूरी है।

साभार : गूगल

‘जेन-जी’ के खेलों से जुड़ाव पर उन्होंने कहा कि आज के युवा और 16 वर्ष से कम उम्र के बच्चे फुटबॉल को बड़े पैमाने पर पसंद कर रहे हैं। भूटिया ने कहा,‘‘आवश्यकता इस बात की है कि नयी पीढ़ी के इस रुझान को भारत में फुटबॉल संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए भुनाया जाए।’’