पहली पारी में छह, दूसरी में चार विकेट, तनमय बलोदा के सामने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 बेबस
हरियाणा के बाएं हाथ के युवा स्पिनर तनमय बलोदा ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 के खिलाफ दूसरे युवा टेस्ट की दूसरी पारी में चार विकेट झटके जिससे ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम 86 रन पर चार विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही है।
बलोदा ने पहली पारी में छह विकेट लिए थे, जिससे ऑस्ट्रेलिया 174 रन पर सिमट गई थी। भारत ने पहली पारी में 315 रन बनाकर 141 रन की मजबूत बढ़त हासिल की। ऑस्ट्रेलिया चार दिवसीय मैच के दूसरे दिन के खेल के बाद भारत से 55 रन पीछे हैं।

बलोदा ने दूसरी पारी में भी ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाजों को टिकने नहीं दिया और चार विकेट झटके। उन्होंने हेडन बारबुलोविक, नील पटेल, ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मैथ्यू लॉफ और एली ब्रेन को अपना शिकार बनाया। ब्रेन ने 39 रन की पारी खेली, बलोदा के सामने बाकी बल्लेबाज संघर्ष करते नजर आए। इससे पहले भारत से कप्तान यशवर्धन चौहान ने 52 रन और विकेटकीपर बल्लेबाज अभिप्राय बिस्वास ने 73 रन की शानदार पारी खेली।