आर्कटिक ओपन में प्रणय का सफर खत्म, कृष्णा-पृथ्वी ने दर्ज की रोमांचक जीत

भारतीय खिलाड़ियों के लिए आर्कटिक ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में पहले दौर का प्रदर्शन मिला-जुला रहा। एचएस प्रणय को जहां चौथी वरीयता प्राप्त डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन के हाथों सीधे गेम में हारकर टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा, वहीं कृष्णा प्रसाद गारागा और पृथ्वी कृष्णामूर्ति रॉय की जोड़ी ने बड़ा उलटफेर करते हुए पांचवीं वरीयता प्राप्त चीनी जोड़ी को शिकस्त दी।

महिला वर्ग में तन्वी शर्मा ने भी जीत के साथ दूसरे दौर में जगह बना ली, जबकि ईशारानी बरूआ का सफर पहले दौर में ही समाप्त हो गया। प्रणय के लिए मुकाबला एकतरफा रहा। उन्हें चौथी वरीयता प्राप्त एंडर्स एंटोनसेन ने 21-10, 21-9 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। इसके विपरीत कृष्णा प्रसाद गारागा और पृथ्वी कृष्णामूर्ति रॉय ने शानदार जुझारूपन दिखाया। भारतीय जोड़ी ने पांचवीं वरीयता प्राप्त चीन के ही जि तिंग और रेन शियांग यू को तीन गेम तक चले कड़े मुकाबले में 10-21, 21-18, 22-20 से हराकर दूसरे दौर में अपनी जगह पक्की की।

साभार : गूगल

महिला एकल में तन्वी शर्मा ने ताईवान की चियू पिन चियान को 21-15, 21-17 से मात देकर अगले दौर का टिकट कटाया। हालांकि, ईशारानी बरूआ को शीर्ष वरीयता प्राप्त थाईलैंड की रतचानोक इंतानोन के खिलाफ चुनौती का सामना करना पड़ा। इंतानोन ने ईशारानी को 21-10, 21-15 से हराकर भारतीय खिलाड़ी को प्रतियोगिता से बाहर कर दिया।