24 टेस्ट और 10 हजार से ज्यादा प्रथम श्रेणी रन, जीत रावल का संन्यास

भारत में जन्मे न्यूजीलैंड के पूर्व सलामी बल्लेबाज जीत रावल ने पेशेवर क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। अहमदाबाद में क्रिकेट की शुरुआती बारीकियां सीखने वाले रावल ने न्यूजीलैंड की राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए 24 टेस्ट खेले। किशोरावस्था में परिवार के साथ न्यूजीलैंड जाने वाले रावल ने अपने बचपन के सपने को साकार किया और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपनी पहचान बनाई।

रावल ने नार्दर्न डिस्ट्रिक्ट्स क्रिकेट एसोसिएशन से कहा, ‘‘मैंने पूरे सम्मान के साथ यह फैसला किया है। मुझे शांति और बहुत संतुष्टि महसूस हो रही है।’’ उन्होंने अपने क्रिकेट सफर को याद करते हुए कहा, ‘‘मेरे बचपन का सपना निश्चित रूप से न्यूजीलैंड की तरफ से खेलना था। यह केवल मेरा सपना ही नहीं था बल्कि मेरे पिता का भी सपना था। हमें मौका दिखा और वह परिवार के साथ न्यूजीलैंड आ गए ताकि मैं अपना सपना पूरा कर सकूं।’’

रावल ने न्यूजीलैंड से 24 टेस्ट में 30.07 की औसत से 1143 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से एक शतक और सात अर्धशतक निकले। उन्होंने नवंबर 2016 में क्राइस्टचर्च में पाकिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका आखिरी टेस्ट जनवरी 2020 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी में था।

BLACKCAPS (@blackcapsnz)

Jeet Raval (@jerryraval)

प्रथम श्रेणी क्रिकेट में रावल का प्रदर्शन और भी प्रभावशाली रहा। उन्होंने 24 शतक और 50 अर्धशतकों से 10432 रन बनाए। क्रिकेट में आगे बढ़ने के लिए न्यूजीलैंड जाने से पहले वह अहमदाबाद के विद्यानगर स्कूल में पार्थिव पटेल के सलामी जोड़ीदार हुआ करते थे।