ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक की सीईओ सिंडी हुक छोड़ेंगी पद, नए नेतृत्व की तलाश शुरू
ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक गेम्स की तैयारियों के अगले चरण में नेतृत्व परिवर्तन होने जा रहा है। गेम्स की आयोजन समिति की मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) सिंडी हुक ने अपने चार साल के कॉन्ट्रैक्ट की अवधि पूरी होने के बाद पद छोड़ने का ऐलान किया है।
फरवरी 2023 में नियुक्त की गईं हुक का कॉन्ट्रैक्ट अगले साल की शुरुआत में समाप्त होने वाला है। आयोजन समिति के बोर्ड ने उनके इस फैसले को स्वीकार कर लिया है। समिति के अनुसार, आने वाले महीनों में नए सीईओ की नियुक्ति की घोषणा होने की उम्मीद है।
आयोजन समिति ने नेतृत्व परिवर्तन के फैसले के पीछे ब्रिस्बेन 2032 की तैयारियों के अगले चरण को अहम वजह बताया है। समिति के अनुसार, लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक से ठीक एक साल पहले नेतृत्व में सुचारू बदलाव सुनिश्चित करने और ब्रिस्बेन 2032 को शुरुआती योजना तथा क्षमता निर्माण के चरण से आगे बढ़ाकर संचालन, परियोजनाओं और आयोजन के क्रियान्वयन के अहम चरण में ले जाने के लिए नए नेतृत्व को जिम्मेदारी सौंपने का यह उपयुक्त समय है।

हुक ने अपने कार्यकाल को संतोषजनक बताते हुए एक बयान में कहा, “पिछले चार सालों में, मैंने वह सब कुछ हासिल किया है जिसकी हमने उम्मीद की थी और इस दौरान मुझे कई अद्भुत अनुभव हुए।”
ब्रिस्बेन 2032 ओलंपिक और पैरालंपिक गेम्स की आयोजन समिति की सीईओ के रूप में सिंडी हुक पर खेलों के आयोजन से जुड़े सभी पहलुओं का नेतृत्व करने की जिम्मेदारी थी। उनका लक्ष्य खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए शानदार अनुभव सुनिश्चित करने के साथ-साथ ब्रिस्बेन, दक्षिण-पूर्व क्वींसलैंड और पूरे ऑस्ट्रेलिया के लिए सकारात्मक विरासत तैयार करना था।
उनकी जिम्मेदारियों में गेम्स की योजना तैयार करना, प्रायोजन, टिकटिंग और मर्चेंडाइज के माध्यम से राजस्व जुटाना, आयोजन स्थलों के संचालन का प्रबंधन, इवेंट की सुरक्षा सुनिश्चित करना और स्वयंसेवकों की भर्ती करना जैसे महत्वपूर्ण काम शामिल थे। उनके नेतृत्व में आयोजन समिति को शुरुआती चरण से एक ऐसी संस्था के रूप में विकसित करना था, जो ओलंपिक और पैरालंपिक खेलों के आयोजन की व्यापक जिम्मेदारियां संभाल सके।
ब्रिस्बेन 2032 अध्यक्ष एंड्रयू लिवरिस एओ ने सिंडी हुक के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन नेता रही हैं। उन्होंने कहा, “हुक ने उस समय काम शुरू किया, जब आयोजन समिति एक नया स्टार्टअप थी और उन्होंने ब्रिस्बेन 2032 को एक कामयाब संगठन में बदल दिया है, जो गेम्स के अगले स्तर पर जाने के लिए तैयार है।”
लिवरिस ने हुक के काम करने के तरीके और संगठन को मजबूत बनाने में उनके योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा, “मूल्यों, संगठनात्मक उत्कृष्टता और मजबूत वित्तीय तथा गवर्नेंस प्रक्रियाओं पर उनका ध्यान उस उच्च क्षमता वाली टीम में भी दिखाई देता है, जिसे उन्होंने भर्ती किया। मैं उनके शानदार योगदान के लिए उन्हें धन्यवाद देता हूं।”