हांगकांग सिक्सेस में क्रुणाल पांड्या करेंगे भारत की कप्तानी, भुवनेश्वर की जगह कुलवंत को मौका
30 अक्टूबर से एक नवंबर तक खेले जाने वाले हांगकांग सिक्सेस 2026 में भारतीय टीम की अगुवाई ऑलराउंडर क्रुणाल पांड्या के हाथों में होगी। न्यूजीलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में अनुभवी तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार के चुने जाने के बाद उनकी जगह गुजरात टाइटंस के तेज गेंदबाज कुलवंत खेजरोलिया को सात सदस्यीय टीम में जगह मिली।
क्रुणाल की कप्तानी वाली टीम में शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी, टी. नटराजन, कुलवंत खेजरोलिया हैं। टीम में आईपीएल अनुभव रखने वाले खिलाड़ियों के साथ बल्लेबाजी और ऑलराउंड प्रदर्शन के कई विकल्प भी हैं। छह खिलाड़ियों के प्रारूप वाले इस तेज गति के टूर्नामेंट में भारतीय टीम इन्हीं खिलाड़ियों के दम पर चुनौती पेश करेगा।
भारतीय टीम में भुवनेश्वर कुमार की वापसी उनके करियर के लिहाज से अहम है। करीब चार साल बाद उन्हें राष्ट्रीय टीम में जगह मिली है। 22 अक्टूबर से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाले दौरे के लिए चयनित होने के चलते वह हांगकांग सिक्सेस में नहीं खेल पाएंगे। उनकी अनुपस्थिति में टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी क्रुणाल को सौंपी गई है।

भुवनेश्वर को न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 श्रृंखला के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया है। इसके अलावा, वेस्टइंडीज के खिलाफ चौथे टी-20 में अर्शदीप सिंह के चोटिल होने के बाद उन्हें शनिवार को होने वाले पांचवें और अंतिम टी-20 के लिए भी भारतीय टीम में जगह मिली।
क्रिकेट हांगकांग, चीन के वाणिज्यिक और विपणन निदेशक अनुराग भटनागर ने बोला, “हांगकांग सिक्सेस 2026 में भुवनेश्वर कुमार की कमी निश्चित रूप से खलेगी, हमें खुशी है कि उन्हें राष्ट्रीय टीम में वापसी का अवसर मिला है। चार साल बाद अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनकी वापसी एक विशेष उपलब्धि है। हम न्यूजीलैंड दौरे के लिए उन्हें शुभकामनाएं देते हैं। हमें उम्मीद है कि भविष्य में वह फिर हांगकांग सिक्सेस में खेलेंगे।”
हांगकांग सिक्सेस (भारतीय टीम) : क्रुणाल पांड्या (कप्तान), शशांक सिंह, राहुल तेवतिया, नितीश राणा, राहुल त्रिपाठी, टी. नटराजन और कुलवंत खेजरोलिया