शुभमन गिल और टीम इंडिया पर आईसीसी ने इसलिए लगाया जुर्माना
ऑस्ट्रेलिया के हाथों विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में टीम इंडिया को हार मिली है। हार के साथ टीम के लिए बुरी खबर सामने आ रही है। धीमी ओवर गति के लिए आईसीसी ने भारतीय टीम की की पूरी मैच फीस काट ली है। सभी आईसीसी ट्रॉफी जीतने वाली पहली टीम बनने के बाद जश्न मना रही ऑस्ट्रेलिया को भी झटका लगा है।
आईसीसी ने ऑस्ट्रेलियाई प्लेयर्स की मैच फीस का 80 फीसदी हिस्सा काट लिया है। फाइनल के दौरान दोनों टीमों ने अधिकतर ओवर अपने तेज गेंदबाजों से कराए थे। इसी वजह से इस मैच में किसी भी दिन पूरे 90 ओवर का खेल नहीं हो सका। मैच के बाद आईसीसी ने दोनों टीमों के खिलाफ एक्शन लिया है।
भारतीय प्लेयर्स पर मैच फीस का 100 फीसदी और ऑस्ट्रेलिया पर 80 फीसदी जुर्माना लगाया गया है । टीम इंडिया तय समय के अनुसार पांच ओवर पीछे थी, वही ऑस्ट्रेलियाई टीम चार ओवर पीछे थी।
खिलाड़ियों और सहयोगी कर्मियों के लिए आईसीसी की आचार संहिता के अनुच्छेद 2.22 के अनुसार, जब कोई टीम तय समय पर पूरे ओवर नहीं कर पाती है तो खिलाड़ियों पर प्रत्येक ओवर के लिए उनकी मैच फीस का 20 प्रतिशत जुर्माना लगाया जाता है। पांच ओवर पीछे होने के चलते टीम इंडिया की पूरी मैच फीस काट ली गई है। ऑस्ट्रेलिया पर मैच फीस का 80 फीसदी जुर्माना लगा है।

भारत के शुभमन गिल को भी टेस्ट के चौथे दिन उन्हें आउट देने के विवादित फैसले की आलोचना करने के लिए एक और जुर्माने का सामना करना पड़ेगा। गिल ने आईसीसी के अनुच्छेद 2.7 का उल्लंघन किया है, जो एक इंटरनेशनल मैच में होने वाली घटना के संबंध में सार्वजनिक आलोचना या अनुचित टिप्पणी से संबंधित है।
शुभमन गिल पर उनकी मैच फीस का 15 फीसदी जुर्माना लगाया गया है। टीम की धीमी ओवर गति और अपने आउट दिए जाने के फैसले का विरोध करने पर गिल के ऊपर दो जुर्माने लगे हैं और उन पर कुल जुर्माना मैच फीस का 115 फीसदी हो गया है।
ऐसे में उन्हें अपनी मैच फीस का 15 फीसदी हिस्सा आईसीसी को चुकाना होगा और किसी भी भारतीय खिलाड़ी को इस मैच की फीस नहीं मिलेगी। टेलीविजन अंपायर रिचर्ड केटलबोरो ने ग्रीन के कैच को सही मानते हुए गिल को आउट घोषित किया था। इस पर गिल ने इंस्टाग्राम पर अंपायर के फैसले की आलोचना की थी।
इसी वजह से उन पर जुर्माना लगा है। इस मैच में ऑस्ट्रेलिया ने भारत के सामने 444 रन का टारगेट रखा था। जवाब में भारतीय टीम मैच के पांचवें दिन पहले सत्र में ही 234 रन पर सिमट गई और मैच 209 रन से हार गई। भारत को लगातार दूसरी बार विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में हार मिली है।