Trending

ऋषभ पंत की तेजी से रिकवरी, बीसीसीआई और एनसीए हैरान


बीसीसीआई और बेंगलुरु स्थित नेशनल क्रिकेट एकेडमी का मेडिकल स्टाफ विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत की तेजी से हो रही रिकवरी से हैरान है. पिछले वर्ष दिसंबर में एक भीषण कार हादसे में गंभीर रुप से घायल होने के बाद भारत के विकेटकीपर रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं.

एक खेल साइट की रिपोर्ट के मुताबिक, बीसीसीआई पंत के रिहैबिलिटेशन में और अधिक तेजी लाने की कोशिश कर रहा है ताकि विकेटकीपर-बल्लेबाज को इस वर्ष भारत में खेले जाने वाले वर्ल्ड कप के लिए तैयार हो सके. रिकवरी की प्रक्रिया लंबी हो सकती है जिससे पंत का इस साल मैदान पर उतरना मुश्किल नजर आ रहा है.

पंत भले ही बिना बैसाखी के चलना और किसी सहारे के सीढ़ियां चढ़ना शुरू कर चुके हो, क्रिकेट खेलने के लिए युवा बल्लेबाज को पूरी तरह से फिट होने के लिए काफी कुछ करना बाकी है. पंत को किसी तरह के दर्द की समस्या नहीं है स्किल पर काम करने के लिए उन्हें इंतजार करना होगा.

एनसीए में फिजियो एस रजनीकांत के मार्गदर्शन में पंत अपने शरीर की गतिशीलता को बढ़ाने पर काम कर रहे हैं. एनसीए के एक अन्य फिजियो थुलसी राम युवराज पंत के साथ लंबे वक्त से हैं. पंत अलग-अलग तरह की एक्सरसाइज से रिहैब कर रहे हैं जिसमें एक्वा थेरेपी, स्विमिंग और टेबल टेनिस भी हैं.

भारत के लिए अच्छी खबर ये आई है कि एशिया कप से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में जसप्रीत बुमराह और श्रेयस अय्यर लौट सकते हैं. एक क्रिकेट साइट की रिपोर्ट के मुताबिक टीम इंडिया के स्टार गेंदबाज बुमराह वर्ल्ड कप से पहले एशिया कप में खेलते हुए दिखाई दे सकते हैं.

अय्यर एशिया कप के लिए टीम इंडिया में होंगे. अय्यर को आईपीएल से पहले चोट लग गई थी और इस बार वह कोलकाता नाइट राइडर्स के लिए नहीं खेले थे. बुमराह बीते वर्ष सितंबर से ही क्रिकेट के मैदान से दूर हैं.