इंग्लैंड के 393 रन, जवाब में ऑस्ट्रेलिया के तीन विकेट पर 133 रन
बर्मिंघम: इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया के बीच पहला टेस्ट का आगाज बर्मिंघम के एजबेस्ट मैदान में हुआ है। इस बार सीरीज की मेजबानी इंग्लैंड के पास है। इस मैच के पहले दिन इंग्लैंड ने शानदार बल्लेबाजी की। मैच की पहली ही गेंद पर जैक क्राउली ने कवर पर चौका मारकर इंग्लैंड के इरादे साफ कर दिए। टीम के लिए पूर्व कप्तान जो रूट ने नाबाद शतकीय पारी खेली।
इंग्लैंड ने पहले दिन स्टंप से पहले ही अपनी पारी घोषित की। टीम का स्कोर 8 विकेट पर 393 रन था। जो रूट शतक बनाकर खेल रहे थे। इंग्लैंड टीम के पास 400 के पार जाने का मौका था।
78वें ओवर के बाद कप्तान बेन स्टोक्स ने ड्रेसिंग रूम से पारी घोषित करने का इशारा किया। इस फैसले ने क्रिकेट के जानकारों के साथ ही कमेंटेटर्स को भी चौंकाया। वहीं दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने समाचार लिखे जाने तक 43.2 ओवर में तीन विकेट पर 133 रन बना लिए थे।
बताते चले कि 1877 में टेस्ट इतिहास का पहला मैच खेला गया था। 146 वर्ष के इतिहास में यह छठा ही मौका था, जब टेस्ट मैच के पहले दिन किसी टीम ने अपनी पारी घोषित की है।
1974 में पहली बार ऐसा हुआ था। पाकिस्तान ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स के मैदान पर 130/9 के स्कोर पर अपनी पारी घोषित की थी। 2013 में ऑस्ट्रेलिया ने भारत दौरे पर हैदराबाद टेस्ट के पहले दिन 9 विकेट पर 237 के स्कोर पर पारी घोषित की थी।

इंग्लैंड ने इस वर्ष दूसरी बार टेस्ट के पहले दिन पारी घोषित की। टीम ने न्यूजीलैंड दौरे पर 325/9 के स्कोर पर माउंट माउंगानुई टेस्ट में अपनी पारी घोषित की थी। यह पहला मौका है, जब किसी टीम ने 8 विकेट गिरने पर ही पहले दिन पारी घोषित की ।
टेस्ट के पहले दिन पारी घोषित करने वाली टीमें
पाकिस्तान 130/9, बनाम इंग्लैंड, लॉर्ड्स 1974
ऑस्ट्रेलिया 237/9,बनाम भारत, हैदराबाद 2012
साउथ अफ्रीका 259/9, बनाम ऑस्ट्रेलिया, एडिलेड 2016
साउथ अफ्रीका 309/9, बनाम जिम्बाब्वे, सेंट जॉर्ज पार्क 2017
इंग्लैंड 325/9, बनाम न्यूजीलैंड, माउंट माउंगानुई 2023
इंग्लैंड 393/8, बनाम ऑस्ट्रेलिया, एजबेस्टन 2023