श्यामा डे शॉ और वीएस तिलक नायडू बने चयनकर्ता, सीएसी की सिफारिश के बाद हुआ फैसला
मुंबई : अखिल भारतीय सीनियर महिला चयनकर्ता समिति में बंगाल की पूर्व क्रिकेटर और चयनकर्ता श्यामा डे शॉ को बतौर सदस्य जगह दी गई है। बीसीसीआई ने सोमवार को इसकी जानकारी दी। वीएस तिलक नायडू को जूनियर चयनकर्ता समिति को सदस्य बनाया गया है।
बीसीसीआई ने एक वज्ञिप्ति में कहा, “सुलक्षणा नाइक, अशोक मल्होत्रा और जतिन परांजपे की क्रिकेट सलाहकार समिति (सीएसी) ने क्रमशः महिला चयन समिति और जूनियर क्रिकेट समिति में एक-एक चयनकर्ता के पदों के लिये आवेदनों की जांच की। सीएसी ने उक्त पदों के लिये सर्वसम्मति से श्यामा डे शॉ और वीएस तिलक नायडू की सिफारिश की है।

बाएं हाथ की बल्लेबाज और मध्यम गति की गेंदबाज शॉ ने तीन टेस्ट और पांच वनडे अंतरराष्ट्रीय मैचों में भारत का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने पहली बार 1985 से 1997 तक घरेलू क्रिकेट में बंगाल का प्रतिनिधित्व किया और 1998 से 2002 तक रेलवे के लिये खेलीं। अपने खेल करियर के बाद उन्होंने बंगाल चयनकर्ता समिति में भी दो कार्यकाल गुजारे।
पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज नायडू ने 1998-99 से 2009-10 तक कर्नाटक के साथ-साथ दलीप ट्रॉफी और देवधर ट्रॉफी में दक्षिण क्षेत्र का प्रतिनिधित्व किया।
अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिये प्रख्यात नायडू ने 93 प्रथम श्रेणी मैचों में 4386 रन बनाये। उन्होंने 2013 से 2016 तक कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (केएससीए) जूनियर चयन समिति की अध्यक्षता की और 2015-16 सीजन के दौरान केएससीए की वरिष्ठ चयन समिति में भी काम किया।