डब्ल्यूटीसी फाइनल में ख़राब प्रदर्शन के लिए ट्रोल हुए विराट
नई दिल्ली : हाल ही में डब्ल्यूटीसी फाइनल में भारत को ऑस्ट्रेलिया से 209 रनों से करारी शिकस्त मिली। भारत खिताबी सूखे को खत्म करने में विफल रहा। भारत ने पिछले 10 वर्ष से कोई आईसीसी ट्रॉफी नहीं जीती है। फाइनल गंवाने के बाद से टीम इंडिया की काफी आलोचना हो रही है।
फैन्स कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे दिग्गज प्लेयर्स से नाराज हैं, जो फाइनल में प्रभावी प्रदर्शन नहीं कर सके। कोहली ने सोमवार को सोशल मीडिया पर जिम में वर्कआउट का वीडियो साझा किया, जिसपर कई लोगों ने उन्होंने ट्रोल कर दिया।
कोहली ने ट्विटर पर जिम के दो वीडियो और एक तस्वीर पोस्ट की। उन्होंने कैप्शन में लिखा, ”बहाने ढूंढो या बेहतर बनने का प्रयास करो। एक तरफ फैन्स ने कोहली के फिटनेस के प्रति जुनून और कड़ी मेहनत की तारीफ कर रहे हैं तो कइयों ने उनपर निशाना साधा। एक यूजर ने कमेंट किया, ”यह सब तो ठीक है लेकिन आईसीसी कप कब जीतेंगे।

दूसरे यूजर ने लिखा, ”जिम करने से छठी स्टंप लाइन की समस्या ठीक नहीं हो रही है। अन्य यूजर ने कहा, ”क्या फायदा जब शॉट ऑफ साइड वाली गेंद पर ही मारना है। कोहली ने ऑफ साइड के बाहर की गेंद से छेड़छाड़ के चक्कर में कई बार अपना विकेट खोया है।
कोहली ने डब्ल्यूटीसी फाइनल में 63 रन बनाए। उन्होंने पहली पारी में 14 रन जुटाए और मिशेल स्टार्क के जाल में फंस गए। स्टार्क की तीखी बाउंसर का कोहली के पास जवाब नहीं था। वह दूसरी पारी में 49 रन बनाने के बाद स्कॉड बोलैंड के हाथों आउट हुए।
बोलैंड ने कोहली की कमजोरी (चौथे-पांचवें स्टंप पर गेंदबाजी) पर वार किया। कोहली ने दोनों बार स्लिप में स्टीव स्मिथ को कैच थमाया। भारतीय टीम को डब्ल्यूटीसी फाइनल के बाद वेस्टइंडीज दौरे पर जाना है, जहां फैन्स को कोहली से दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी। भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 इंटरनेशनल मैच होने हैं। इस दौरे का आगाज 12 जुलाई से होगा।