Trending

21 जुलाई को मेजर लीग सॉकर के लिए खेल सकते है लियोनल मेसी

मियामी : अर्जेंटीना के कप्तान व फुटबॉलर लियोनल मेसी जल्द ही अमेरिका में फुटबॉल खेलने वाले हैं। मेसी मेजर लीग सॉकर की टीम इंटर मियामी के साथ करार करने वाले हैं। इसकी पुष्टि मेसी ने एक इंटरव्यू में की थी। उस टाइम से फैन्स को इंतजार है कि मेसी इंटर मियामी के लिए कब डेब्यू करेंगे।

मेस्सी का अनुबंध 50 मिलियन डॉलर से 60 मिलियन डॉलर प्रति वर्ष होगा। मेसी पेरिस सेंट जर्मेन के खिलाड़ी हैं। आधिकारिक तौर पर वह जुलाई के मध्य तक इंटर मियामी के साथ करार नहीं कर सकते हैं।

35 साल के मेसी ने सात जून को ऐलान किया था कि वह मियामी में शामिल हो रहे हैं। फोर्ट लॉडरडेल में अर्जेंटीना के महान खिलाड़ी का पहला मैच लीग कप में क्रूज अजुल के खिलाफ होगा।

क्लब ने इस बात का खुलासा किया है कि वह 21 जुलाई को घरेलू मैच में खेल सकते हैं। क्लब के मालिक जॉर्ज मैस ने एक अखबार से बातचीत में बताया कि इंटर मियामी और मेसी शर्तों पर सहमत हो गए हैं।

कागजी कार्रवाई और वीजा को अंतिम रूप दिया जा रहा है। टीम ने मंगलवार को एक समाचार एजेंसी को कुछ विवरणों की पुष्टि की।

मेसी इंटर मियामी के साथ 2025 तक का करार करेंगे। इसमें एक साल और आगे बढ़ाने का विकल्प होगा। टीम ने मंगलवार को यह पुष्टि की कि वह अगले चार हफ्तों में डीआरवी पीएनके स्टेडियम में कोनों को भरकर 3,000 से 3,200 सीटों की क्षमता बढ़ा रही है, जिससे क्षमता लगभग 22,000 हो जाएगी।

इंटर मियामी की टीम मेसी के अलावा उनके साथी सर्जियो बुस्केट्स को भी साइन करने के कोशिश में है। बुस्केट्स लंबे समय तक बार्सिलोना में मेसी के साथ खेले हैं।