ताईपे ओपन : प्रणय और कश्यप प्री-क्वार्टर फाइनल में , तान्या हेमंत भी आगे बढ़ी
नई दिल्ली : ताईपे ओपन बैडमिंटन सुपर 300 टूर्नामेंट के प्री क्वार्टर फाइनल में मलयेशिया मास्टर्स का खिताब अपने नाम करने वाले एचएस प्रणय और पूर्व राष्ट्रमंडल खेलों के स्वर्ण पदक विजेता पारुपल्ली कश्यप ने जगह बना ली है।
टूर्नामेंट में तीसरे वरीय और विश्व नंबर नौ प्रणय को पहले दौर में जीत दर्ज करने वाले के लिए 26 मिनट पसीना बहाना पड़ा। उन्होंने स्थानीय शटलर लिन यू सिन को सीधे गेमों में 21-11, 21-10 से हराया। अंतिम-16 में उनका मैच इंडोनेशिया के टॉमी सुगियार्तो से होगा।
कश्यप ने जर्मनी के सैमुअल सियाओ को 21-15, 21-16 से हराया। अगले दौर में उनका मैच चीनी ताइपे के सू ली यांग से होगा। महिला एकल में तान्या हेमंत और मिश्रित युगल में रोहन कपूर-एन सिक्की रेड्डी की जोड़ी ने भी अंतिम-16 में जगह बना ली है।

प्रकाश पादुकोण बैडमिंटन अकादमी के मिथुन मंजूनाथ को तीन गेमों के संघर्ष में दूसरे वरीय और स्थानीय शटलर चेन चोउ तिएन के हाथों 18-21, 21-14, 16-21 से हार मिली। यह मैच एक घंटा 11 मिनट चला।
तान्या ने हंगरी की एग्नस कोरोसी को 21-7, 21-17 से हराया, वह अगले दौर में खिताब की दावेदार सर्वोच्च वरीय चीनी ताईपे की ताई जू यिंग से भिड़ेंगी। रोहन और सिक्की की जोड़ी ने अपने ही साथी नवनीत बोक्का और प्रिया को 21-14, 21-17 से हराया। एस शंकर मुत्थुस्वामी, किरन जॉर्ज, मेईराबा मेसनाम, सतीश कुमार, रुत्विका शिवानी गाडे, आकर्षी कश्यप को पहले ही दौर में हार मिली।