आयरलैंड सीरीज से मैदान पर लौट सकते है तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह
नई दिल्ली : भारत और आयरलैंड के बीच खेले जाने वाली टी-20 सीरीज के जरिये भारत के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह अगस्त में मैदान पर लौट सकते हैं। एक क्रिकेट साइट की ओर से प्रकाशित एक रिपोर्ट के मुताबिक, बुमराह यहां राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में अगले महीने कुछ मैच खेलेंगे।
आयरलैंड सीरीज भारतीय टीम, चयनकर्ताओं, राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में उनके संचालकों और बीसीसीआई की योजना के अनुरूप है, जो सामूहिक रूप से चाहते हैं कि वह धीरे-धीरे मैच फिटनेस हासिल करें, जिसकी शुरुआत चार ओवर के स्पेल वाले टी20 मैच से हो। इन मैचों के जरिए बुमराह की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
बुमराह की देखरेख के जिम्मेदार लोग देखना चाहते हैं कि मैच के अगले दिन वह कैसा महसूस करते हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, एनसीए के मैचों के बाद ही बुमराह के आयरलैंड सीरीज में खिलाने पर फैसला लिया जाएगा, जिसके मैच 18, 20 और 23 अगस्त को आयोजित होने हैं। बुमराह की वापसी का अंतिम लक्ष्य उन्हें अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे विश्व कप के लिए तैयार करना है।

इसके लिए टीम इंडिया पहले टी20 में उनकी क्षमता का परीक्षण करना चाहता है। बताते चले कि पीठ की समस्या और बाद में पीठ की सर्जरी की वजह से बुमराह पिछले वर्ष सितंबर से मैदान से बाहर हैं। वह वर्तमान में बेंगलुरु में एनसीए में रीहैब प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, वह 70 प्रतिशत ठीक हो चुके हैं।
आयरलैंड के मैच लगभग दो महीने दूर होने के कारण, थिंक-टैंक को उम्मीद है कि वह डबलिन में होने वाले मुकाबलों के लिए तैयार रहेंगे।