Trending

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट में इंग्लैंड की सोफी एक्लेस्टोन ने झटके 10 विकेट

नई दिल्ली : एशेज सीरीज का एकमात्र टेस्ट मैच इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीम के बीच हो रहा है। इस मैच के चार दिन का खेल खत्म हो गया है और पांचवें दिन मैच का नतीजा निकलने की पूरी संभावना है, क्योंकि मेजबान इंग्लैंड को मैच जीतने के लिए 152 रनों की जरुरत है और ऑस्ट्रेलिया को मैच में जीत दर्ज करने के लिए 5 विकेट चाहिए।

स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन ने पहली पारी की तरह दूसरी पारी में भी 5 विकेट निकाले। इस तरह उनको मैच में कुल 10 विकेट मिले। सोफी एक्लेस्टोन वुमेंस टेस्ट में 10 या इससे अधिक ज्यादा विकेट निकालने वाली 11वीं खिलाड़ी हुई, इंग्लैंड के लिए इस उपलब्धि को हासिल करने वाली वे चौथी महिला क्रिकेटर हैं।

17 साल के बाद पहली बार किसी महिला प्लेयर ने एक टेस्ट मैच में 10 विकेट निकालने में सफलता हासिल की है। इससे पहले 2006 में भारत की झूलन गोस्वामी ने ऐसा कारनामा किया था। इंग्लैंड की स्पिनर सोफी एक्लेस्टोन की बात करें तो उन्होंने कमाल की गेंदबाजी इस मैच की और कुल 10 विकेट निकाले।

सोफी एक्लेस्टोन ने पहली पारी में 46.2 ओवर गेंदबाजी की और कुल 129 रन देकर 5 विकेट निकाले। इसमें से 9 ओवर मेडेन रहे। दूसरी पारी में सोफी को फाइव विकेट हॉल प्राप्त करने के लिए 30.5 ओवर गेंदबाजी करनी पड़ी, जहां उन्होंने 63 रन खर्च किए। इसमें 7 ओवर मेडेन थे।

इस मैच में सबसे अधिक गेंदबाजी सोफी एक्लेस्टोन ने ही की। उन्होंने कुल 77 ओवर से ज्यादा गेंदबाजी की। इस मैच में इंग्लैंड की तरफ से एक दोहरा शतक भी देखने को मिला, जो पहली पारी में टैमी ब्यूमोंट ने ठोका था।