इस वजह से ऋषभ पंत ने बदली अपनी डेट ऑफ बर्थ
इन दिनों कार एक्सीडेंट के बाद अपनी इंजरी से ऋषभ पंत रिकवर कर रहे हैं. पंत ने भारत में होने वाले वर्ल्ड कप 2023 से पहले अपने इंस्टाग्राम बायो में बड़ा बदलाव करते हुए अपनी दूसरी डेट ऑफ बर्थ 05/01/23 लिखी है. पंत ने अपने एक्सीडेंट को लेकर इस दूसरी डेट ऑफ बर्थ को शेयर किया.
एक्सीडेंट के बाद पंत की हालत में काफी सुधार हुआ है. बल्लेबाज़ ने एक वीडियो साझा किया था, जिसमें वो बिना किसी सहारे के सीढ़ियां चढ़ते हुए नजर आ रहे थे. एनसीए में पंत अपनी रिकवरी के लिए काफी मेहनत कर रहे हैं. कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा हो रहा है कि पंत वर्ल्ड कप तक लौट सकते हैं, इसकी कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है.
बता दें कि पंत ने हाल ही में एक फोटो शेयर की थी, जिसमें मोहम्मद सिराज, युजवेंद्र चहल, शार्दुल ठाकुर और केएल राहुल मौजूद थे. केएल राहुल भी इन दिनों अपने रिहैब की वजह से एनसीए में हैं. राहुल ने कुछ वक़्त पहले ही सर्जरी करवाई थी.
दिल्ली से अपने घर रुड़की की तरफ जाते हुए 30 दिसंबर 2022 को कार एक्सीडेंट में पंत घायल हुए थे.

एक्सीडेंट के बाद उनको वहां के स्थानीय लोगों ने हॉस्पिटल पहुंचाया था. इस दुर्घटना के बाद पंत की कई सर्जरी हुईं. फिलहाल यह स्टार विकेटकीपर बल्लेबाज़ नेशनल क्रिकेट अकेडमी में रिहैब की प्रक्रिया से गुज़र रहे हैं. पंत की रियल डेट ऑफ बर्थ 4 अक्टूबर, 1997 है.
भारतीय तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह और बल्लेबाज़ श्रेयस अय्यर भी नेशनल क्रिकेट एकेडमी में रिकवरी के लिए मौजूद हैं. बुमराह और अय्यर ने बैक इंजरी की वजह से सर्जरी करवाई थी, जिसके बाद वो रिहैब की प्रक्रिया से गुज़र रहे हैं.