Trending

एशेज सीरीज : दूसरे टेस्ट में शतक के करीब पहुंचे स्टीव स्मिथ

नई दिल्ली : एशेज सीरीज के दूसरे टेस्ट में पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने डेविड वॉर्नर, ट्रेविस हेड और स्टीव स्मिथ के अर्धशतक से इंग्लैंड के खिलाफ 5 विकेट गिराने पर 339 रन बना लिए हैं। दूसरे टेस्ट के पहले दिन स्टंप तक स्टीव स्मिथ 85 और एलेक्स कैरी 11 रन बनाकर नाबाद रहे। ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे एशेज टेस्ट के पहले दिन के पहले सेशन में एक विकेट पर 73 रन बनाए।

शुरुआत में वॉर्नर और उस्मान ख्वाजा को जीवनदान मिल गया। इंग्लैंड ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया और लंच से ठीक पहले उस्मान ख्वाजा को युवा तेज गेंदबाज टंग ने आउट किया। ख्वाजा 70 गेंद में 17 रन बनाकर आउट हो गए। जोश टंग अपने एशेज पदार्पण में 1968 के बाद ऑस्ट्रेलिया के सलामी बल्लेबाज को आउट करने वाले इंग्लैंड के पहले गेंदबाज बने।

पहले सत्र में खराब मौसम की वजह से फ्लडलाइड चालू रखनी पड़ी। ख्वाजा को एक के स्कोर पर जीवनदान मिला जब जेम्स एंडरसन की गेंद पर पहली स्लिप में जो रूट ने उनका कैच छोड़ा। वॉर्नर उस समय 20 रन बनाकर खेल रहे थे जब स्टुअर्ट ब्रॉड की गेंद पर चौथी स्लिप में ओली पोप ने उनका कैच टपकाया। डेविड वॉर्नर लंच के बाद 88 गेंद में 66 रन बनाकर आउट हुए।

दूसरे सत्र में सलामी बल्लेबाज डेविड वार्नर (66 रन) का विकेट गंवाया और 117 रन जोड़े। तीसरे सत्र में टीम 149 रन जोड़े और तीन विकेट गंवाए। मार्नस लाबुशेन और स्टीव स्मिथ ने तीसरे विकेट के लिए 155 गेंद में 102 रन जोड़े। लाबुशेन अर्धशतक नहीं पूरा कर सके और 47 के निजी स्कोर पर पवेलियन लौटे।

स्मिथ ने ट्रेविस हेड के साथ मिलकर चौथे विकेट के लिए 122 गेंद में 118 रन की पार्टनरशिप की। बड़ा शॉट लगाने के प्रयास में हेड जो रूट का शिकार बने। हेड ने 73 गेंद में 77 रन की दमदार पारी खेली। कैमरन ग्रीन खाता भी नहीं खोल सके। मैच शुरू होने के पांच मिनट के भीतर ‘जस्ट स्टॉप आइल’ ग्रुप के दो प्रदर्शनकारी मैदान में घुस गए और करीब पांच मिनट तक खेल बाधित रहा।

पर्यावरण के लिये काम कर रहे इन प्रदर्शनकारियों ने मैदान पर नारंगी पाउडर डालने की कोशिश की लेकिन दोनों टीमों के प्लेयर्स ने रोका। इंग्लैंड के विकेटकीपर जॉनी बेयरस्टो एक प्रदर्शनकारी को 50 मीटर तक ले गए और सीमा के पास सुरक्षाकर्मियों को सौंप दिया। दूसरे को इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स और ऑस्ट्रेलिया के बल्लेबाज डेविड वॉर्नर ने बाहर भेजा।