Trending

रितेश डोगरा कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी


लंदन: भारत के रितेश डोगरा को इंग्लैंड में आयोजित कॉमनवेल्थ वेटलिफ्टिंग चैंपियनशिप में सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया। द्रोणाचार्य भूपेन्द्र धवन के नेतृत्व में प्रशिक्षण लेने वाले भारतीय एथलीटों ने इस स्पर्धा में आठ स्वर्ण समेत 12 पदक अपने नाम किए।

सुरिंदर सिंह (100 किग्रा) ने कुल 735 किग्रा वजन उठाकर तीन स्वर्ण पदक अपने नाम किए। प्रभजीत सिंह बख्शी (110 किग्रा) ने 670 किग्रा वजन उठाकर दो स्वर्ण और एक रजत पदक जीता। गुलशन सैनी ने 75 किलोग्राम वर्ग में 512.5 किलोग्राम वजन उठाकर दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता।

रितेश ने रॉ डेडलिफ्ट में 90 किलोग्राम भार वर्ग में 300 किलोग्राम वजन उठाकर नया रिकॉर्ड बनाया। उन्होंने कुल 767.5 किलोग्राम वजन उठाया और तीन स्वर्ण पदक जीते। भूपिंदर धवन ने इस शानदार जीत के लिए विजेताओं को बधाई दी और पिछले चार हफ्तों की उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण को श्रेय दिया।

टीम मैनेजर सुजीत खत्री ने इस उपलब्धि पर खुशी जताई और सबको बधाई दी। बेस्ट लिफ्टर का खिताब जीतने के बाद रितेश डोगरा ने बोला कि भारतीय टीम की सफलता का श्रेय उनके कोच द्रोणाचार्य भूपेन्द्र को जाता है, जिनके मार्गदर्शन और तकनीकी ज्ञान ने उन्हें अपने जीवन का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित किया।