Trending

उस्मान घनी ने अफगानिस्तान क्रिकेट से तोड़ा नाता


नई दिल्ली : आईसीसी क्रिकेट वर्ल्ड कप 2023 के लिए अफगानिस्तान क्रिकेट टीम ने सीधे क्वॉलिफाई कर लिया है, लेकिन बोर्ड में सबकुछ ठीक नहीं चल रहा है। यही कारण है कि एक क्रिकेटर ने अफगानिस्तान क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला लिया है। ये खिलाड़ी कोई और नहीं, बल्कि बल्लेबाज उस्मान घनी हैं, जो अफगानिस्तान के लिए 52 इंटरनेशनल मैच खेल चुके हैं।

उस्मान घनी ने ट्वीट में लिखा, ” काफी सोच-विचार के बाद मैंने अफगानिस्तान क्रिकेट से ब्रेक लेने का फैसला किया है। क्रिकेट बोर्ड में भ्रष्ट नेतृत्व ने मुझे कदम पीछे खींचने के लिए मजबूर किया है। मैं अपनी कड़ी मेहनत जारी रखूंगा और सही प्रबंधन और चयन समिति के गठन का बेसब्री से इंतजार करूंगा।

एक बार ऐसा हो जाए तो मैं गर्व के साथ अफगानिस्तान के लिए खेलने के लिए लौटूंगा। तब तक, मैं अपने प्रिय राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करने से खुद को पीछे हटा रहा हूं। उन्होंने बोर्ड के नेतृत्व पर सवाल उठाते हुए क्रिकेट छोड़ी है। उस्मान का कहना है कि बोर्ड की लीडरशिप में बदलाव होगा, तभी वे वापसी करेंगे।

उन्होंने अपने ट्वीट में आगे लिखा, ” कई बार विजिट करने के बावजूद, मैं अध्यक्ष से नहीं मिल सका, क्योंकि वह उपलब्ध नहीं थे। सभी प्रारूपों से मुझे बाहर करने पर मुख्य चयनकर्ता के पास कोई संतोषजनक प्रतिक्रिया नहीं थी। यही कारण है कि उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट से फिलहाल के लिए ब्रेक लेने का फैसला किया है।

वो मार्च 2023 में अपना आखिरी इंटरनेशनल मैच खेले थे। वहीं, जनवरी 2022 में उस्मान घनी आखिरी बार वनडे इंटरनेशनल मैच खेलने उतरे थे। काबुल में जन्मे उस्मान घनी ने 17 वनडे और 35 टी-20 अभी तक अफगानिस्तान टीम के लिए खेले हैं। उन्होंने अपना डेब्यू साल 2014 में किया था, लेकिन तब से लेकर अब तक उनको केवल 52 मैच ही दोनों फॉर्मेट में खेलने का अवसर मिला है।

टेस्ट मैच वे अपनी टीम के लिए अब तक खेल नहीं सके हैं। 26 वर्षीय बल्लेबाज ने वनडे क्रिकेट में एक शतक के साथ 435 रन बनाए हैं और टी20 क्रिकेट में चार अर्धशतकों के साथ कुल 786 रन बनाए हैं। दोनों फॉर्मेट में उनका औसत साढ़े 25 के आसपास है।