Trending

कार्लोस अल्काराज का तूफानी आगाज, पहले राउंड में वीनस विलियम्स बाहर


लंदन: साल के तीसरे ग्रैंड स्लैम विंबलडन में वर्ल्ड नंबर वन टेनिस खिलाड़ी कार्लोस अल्काराज की शुरुआत तूफानी रही। पहले राउंड के मैच में स्पेन के इस युवा खिलाड़ी ने फ्रांस के 36 वर्षीय जेरेमी चार्डी को दो घंटे से भी कम समय में बाहर का रास्ता दिखाया।

बीस साल के अल्काराज ने पहले दो सेट में चार्डी को दो गेम जीतने दिए और 6-0, 6-2, 7-5 के स्कोर के साथ दूसरे राउंड में जगह बनाई। अमेरिकी दिग्गज वीनस विलियम्स 43 वर्ष की उम्र में 24वीं बार विंबलडन विमिंस सिंगल्स खेलने उतरीं, पहले ही राउंड में एलिना स्वितोलिना से 6-4, 6-3 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

अल्काराज तीसरी बार विंबलडन में खेल ले रहे हैं। इससे पहले वह कभी ऑल इंग्लैंड क्लब में चौथे राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए हैं। इस बार उन्हें इस ग्रास कोर्ट ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में नोवाक जोकोविच के आठवें खिताब की राह में सबसे बड़ा खतरा माना जा रहा है।

दुनिया की पूर्व नंबर एक खिलाड़ी वीनस चोटों की वजह से शीर्ष 500 से बाहर हैं और 2021 के बाद से 22 मैच खेल सकी हैं। वह इस वर्ष विंबलडन में सबसे उम्रदराज खिलाड़ी और मुख्य ड्रॉ में खेलने वाली चौथी सबसे बुजुर्ग खिलाड़ी हैं। स्वितलोना उस समय दो वर्ष की थी जब वीनस ने 1997 में विंबलडन में पदार्पण किया था। महिला सिंगल्स के अन्य मैचों में अमेरिका की कोको गॉफ को सोफिया केनिन ने 6-4, 4-6, 6-2 से हरा दिया।