टी-20 टीम में रिंकू सिंह का नहीं हुआ चयन, सामने आई फैन्स की प्रतिक्रियाएं
नई दिल्ली : वेस्टइंडीज दौरे पर खेले जाने वाली पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए बीसीसीआई ने नए चीफ सिलेक्टर अजीत अगरकर की अगुवाई में टीम इंडिया की घोषणा कर दी है। रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे सीनियर प्लेयर्स को पीछे छोड़ इस बार युवा प्लेयर्स के साथ टीम तैयार की गई है।
दरअसल, इस भारतीय टीम में एकमात्र कमी फिनिशर की नजर आ रही है। अगर रिंकू का चयन इस टीम में हो जाता तो शायद यह कमी भी पूरी हो जाती। रिंकू ने आईपीएल 2023 में अपनी फिनिशिंग स्किल से हर किसी को प्रभावित किया है। वह मिडिल ऑर्डर में पारी को बुनाने के साथ मैच को खत्म करना अच्छे से जानते हैं।

क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट में हार्दिक पांड्या टीम की कप्तानी करना जारी रखेंगे, यशस्वी जायसवाल और तिलक वर्मा जैसे प्लेयर्स का पहली बार भारतीय टीम में चयन हुआ है। इस टीम को देखने के बाद फैन्स और क्रिकेट एक्सपर्ट काफी खुश है कि भारतीय टीम युवा प्लेयर्स के साथ नई शुरुआत कर रही है, मगर रिंकू सिंह का चयन ना होने से वह काफी निराश भी हैं।
रिंकू सिंह के आईपीएल 2023 की परफॉर्मेंस पर नजर डालें तो, सीजन-16 में खेले 14 मुकाबलों में उनके बल्ले से लगभग 60 की औसत और 150 के स्ट्राइक रेट के साथ 474 रन निकले थे।
इस दौरान रिंकू ने 4 बार 50 रन का आंकड़ा भी पार किया था। यश दयाल के खिलाफ आखिरी ओवर में उनके वो 5 छक्के तो अगले कुछ वर्ष तक याद रखे जाएंगे। ऐसे में जब रिंकू को भारतीय टीम में जगह नहीं मिली तो फैन्स ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दी। किसी ने रिंकू की तुलना धोनी से की तो किसी ने इसे टीम इंडिया के लिए घाटा बताया।
भारतीय टी-20 टीम: ईशान किशन (विकेटकीपर), शुभमन गिल, यशस्वी जयसवाल, तिलक वर्मा, सूर्य कुमार यादव (उपकप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (कप्तान), अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, रवि बिश्नोई, अर्शदीप सिंह, उमरान मलिक, अवेश खान, मुकेश कुमार।