Trending

लीड्स टेस्ट : दूसरे दिन 237 पर इंग्लैंड ऑलआउट


नई दिल्ली : एशेज सीरीज के तीसरे टेस्ट का दूसरा दिन भी गेंदबाजों के नाम रहा। पहले दिन जहां 13 विकेट गिरे, दूसरे दिन 11 विकेट गिरे। दिन का खेल खत्म होने तक मेहमान टीम मुश्किल में हैं। दूसरे दिन ऑस्ट्रेलिया ने 4 विकेट गिराने पर दूसरी पारी में 116 रन बोर्ड पर लगा दिए हैं।

दूसरे दिन के खेल की शुरुआत इंग्लैंड ने 3 विकेट गिराने पर 68 रनों से की थी। पैट कमिंस की घातक गेंदबाजी की वजह से जो रूट समेत इंग्लैंड का मिडिल ऑर्डर सस्ते में पवेलियन लौट गया था, मगर एक छोर पर मेजबान टीम के कप्तान बेन स्टोक्स खूंटा गाड़ चुके थे।

स्टोक्स अंत तक लड़ते रहे और उन्होंने 108 गेंदों पर 6 चौकों और 5 गगनचुंबी छक्कों से 80 रनों की शानदार पारी खेली।
स्टोक्स के बाद जैक क्रॉली ने इंग्लैंड के लिए सर्वाधिक 33 रन बनाए। पैट कमिंस ने पंजा खोलते हुए कुल 6 विकेट झटके। क्रीज पर पहली पारी के शतकवीर मिशेल मार्श और ट्रेविस हेड मौजूद हैं।

ऑस्ट्रेलिया के पास 142 रनों की बढ़त है। स्टीव स्मिथ और मार्नस लाबुशेन ने फिर से निराश किया, डेविड वॉर्नर को स्टुअर्ट ब्रॉड ने 17वीं बार अपना शिकार बनाया। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को पहली पारी में 237 रनों पर समेट 26 रनों की बढ़त ली थी। इंग्लैंड को 237 रनों पर ढेर कर ऑस्ट्रेलिया के पास 26 रनों की बढ़त थी।

मैच का यह दूसरा ही दिन था ऐसे में कंगारुओं के पास इंग्लैंड पर दबाव बनाने का पूरा-पूरा अवसर था। बल्लेबाजों ने कप्तान को निराश किया। डेविड वॉर्नर तीसरे ही ओवर में 1 रन बनाकर आउट हुए, लाबुशेन 33 उस्मान ख्वाजा 43 और स्टीव स्मिथ 2 के स्कोर पर अपने विकेट देकर पवेलियन लौटे।

स्मिथ तो गैरजिम्मेदराना शॉट खेलकर आउट हुए। इंग्लैंड के लिए अब तक मोइन अली ने सर्वाधिक 2 विकेट चटकाए हैं।
बेन स्टोक्स एंड कंपनी की नजरें तीसरे दिन ऑस्ट्रेलिया की दूसरी पारी जल्द समेटने पर होगी। बता दें, 5 मैच की इस टेस्ट सीरीज के पहले दो मैच जीतकर ऑस्ट्रेलिया 2-0 से आगे चल रही है।