Trending

विम्बलडन : कार्लोस अलकाराज व दानिल मेदवेदेव ने चौथे दौर में बनाई जगह


लंदन: शीर्ष वरीयता प्राप्त कार्लोस अलकाराज और तीसरी वरीयता प्राप्त दानिल मेदवेदेव बारिश से प्रभावित विम्बलडन के पुरुष वर्ग के तीसरे दौर के मैच में जीत हासिल करने में सफल रहे। बारिश के चलते छठे दिन का खेल प्रभावित हुआ जहां शुरुआती मुकाबलों में कुछ का ही परिणाम आ पाया।

घसियाले कोर्ट पर खेले जाने वाले इस ग्रैंडस्लैम में ब्राजील की बीट्रिज हद्दाद माइया ने दिन में बारिश शुरू होने से पहले तीसरे दौर के मैच को जीता। इस वर्ष फ्रेंच ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली इस खिलाड़ी ने महिला एकल मैच में सोराना क्रिस्टिया को 6-2, 6-2 से हराया।

ऑल इंग्लैंड क्लब में केवल सेंटर कोर्ट और कोर्ट नंबर एक पर छत की सुविधा है जहां बारिश के दौरान भी मैच हो सकते है। स्पेन के अलकाराज ने सेंटर कोर्ट पर 25वीं वरीयता प्राप्त खिलाड़ी निकोल्स जैरी को 6-3, 6-7, 6-3, 7-5, रूस के मेदवेदेव ने कोर्ट नंबर एक पर मार्टन फुस्कोविक्स के खिलाफ पहले सेट में पिछड़ने के बाद 4-6, 6-3, 6-4, 6-4 शिकस्त दी।

दो बार की विम्बलडन चैंपियन पेट्रा क्वितोवा पहला सेट अपने नाम करने के बाद बारिश की वजह से खेल रोके जाते समय दूसरे सेट में पिछड़ रही थी। वह नतालिया स्टवानोविक के खिलाफ 6-3, 4-5 से आगे थी। खेल फिर से शुरू होने पर उन्होंने कुछ ही मिनटों में मैच को 6-3, 7-5 से अपने नाम कर लिया।