आईसीसी प्लेयर ऑफ द मंथ अवार्ड हसरंगा व गार्डनर को
दुबई : श्रीलंका के स्पिनर वानिंदु हसरंगा और ऑस्ट्रेलिया की महिला टीम की ऑलराउंडर एशलेग गार्डनर को जून में उनके प्रभावशाली प्रदर्शन के लिए आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। महिला एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की जीत में अहम भूमिका निभाने वाली गार्डनर तीन बार महीने के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनी।
ज़िम्बाब्वे में विश्व कप क्वालीफायर में रिकॉर्ड तोड़ प्रदर्शन के बाद हसरंगा को इस पुरस्कार के लिए चुना गया। आईसीसी के हॉल ऑफ फेम में जगह बनाने वालों, पूर्व अंतरराष्ट्रीय प्लेयर्स, मीडिया प्रतिनिधियों और आईसीसी-क्रिकेट.कॉम पर पंजीकृत वैश्विक क्रिकेट प्रशंसकों के विशेषज्ञ पैनल के बीच मतदान के बाद इन दोनों प्लेयर्स को पुरस्कार के लिए चुना गया।

हसरंगा ने पिछले महीने 10 के औसत से 26 विकेट चटकाए। उन्होंने विश्व कप क्वालीफायर में श्रीलंका के पहले मैच में यूएई के खिलाफ छह विकेट चटकाए और ओमान और आयरलैंड के खिलाफ क्रमश: 13 और 79 रन देकर पांच-पांच विकेट झटके।
हसरंगा इस दौरान एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के इतिहास में लगातार तीन मैच में पांच या इससे अधिक विकेट चटकाने वाले पहले गेंदबाज बने। उन्होंने श्रीलंका को पांच अक्टूबर से भारत में शुरू हो रहे आईसीसी पुरुष क्रिकेट विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में अहम भूमिका निभाई।
आईसीसी ने विज्ञप्ति में हसरंगा के हवाले से कहा, ‘‘यह (पुरस्कार) श्रीलंका क्रिकेट के लिए सही समय पर आया है, हमारे भारत में होने वाले क्रिकेट विश्व कप में जगह बनाने के बाद।
मैं सम्मानित महसूस कर रहा हूं कि मुझे आईसीसी का महीने का सर्वश्रेष्ठ पुरुष खिलाड़ी चुना गया। हसरंगा जुलाई 2022 में प्रबाथ जयसूर्या के बाद यह पुरस्कार जीतने वाले श्रीलंका के पहले खिलाड़ी हैं। हसरंगा ने ज़िम्बाब्वे के सीन विलियम्स और ऑस्ट्रेलिया के ट्रेविस हेड जैसे खिलाड़ियों को पछाड़कर यह पुरस्कार जीता।
गार्डनर ने मौजूदा महिला एशेज श्रृंखला में शुरुआती सफलता की बदौलत यह पुरस्कार अपने नाम किया। उन्होंने एशेज टेस्ट में ऑस्ट्रेलिया की 89 रन की जीत में अहम भूमिका निभाई। गार्डनर ने ऑस्ट्रेलिया की पहली पारी में 40 रन बनाने के बाद चार विकेट चटकाए जिससे मेहमान टीम ने पहली पारी में मामूली बढ़त हासिल की।
दूसरी पारी में बल्ले से नाकाम रहने के बावजूद इस स्पिनर ने दूसरी पारी में 66 रन देकर आठ विकेट चटकाए जो महिला क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की ओर से सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। गार्डनर ने इंग्लैंड की टैमी ब्युमोंट और वेस्टइंडीज की हेली मैथ्यूज को पछाड़कर तीसरी बार महीने की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी का पुरस्कार जीता।