Trending

एशिया कप का शेड्यूल जल्द होगा तय, श्रीलंका में होगा भारत-पाकिस्तान मैच


नई दिल्ली : एशिया कप 2023 के शेड्यूल की घोषणा अभी तक नहीं हुई है। पाकिस्तान की तरफ से लगातार बयानबाजी हो रही थी कि टूर्नामेंट की मेजबानी पाकिस्तान करे, पूर्व चेयरमैन नजम सेठी ने हाइब्रिड मॉडल की पेशकश को फाइनल किया है।

आईपीएल चेयरमैन अरुण धूमल ने उन सभी अफवाहों पर विराम लगा दिया है, जिनमें बोला जा रहा था कि पाकिस्तान इस बात पर अडिग है कि एशिया कप 2023 के लिए भारतीय टीम पाकिस्तान आए और तभी पाकिस्तान टीम वनडे विश्व कप के लिए भारत आएगी।

धूमल ने एक समाचार एजेंसी को बताया है कि भारत की टीम का एशिया कप का मैच श्रीलंका में ही होगा। भारत की टीम एशिया कप के लिए पाकिस्तान नहीं जाएगी। ये फैसला बीसीसीआई के सचिव जय शाह और पीसीबी के नए चीफ जका अशरफ के बीच हुई बैठक में लिया गया।

जल्द ही आधिकारिक रूप से पूरा शेड्यूल एशियन क्रिकेट काउंसिल यानी एसीसी द्वारा रिलीज होगा, इससे पहले बीसीसीआई के अधिकारी अरुण धूमल ने बता दिया कि भारत और पाकिस्तान के बीच लीग फेज का मैच कहां खेला जाएगा। उन्होंने ये भी बताया है कि टूर्नामेंट के चार ही मैच पाकिस्तान में खेले जाएंगे।

धूमल ने बताया, “हमारे सचिव (जय शाह) ने पीसीबी प्रमुख जका अशरफ से मुलाकात की और एशिया कप कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया और यह निश्चित रूप से चल रहा है, जैसा कि पहले चर्चा की गई थी। पाकिस्तान में लीग चरण के चार मैच होंगे, इसके बाद श्रीलंका में 9 मैच होंगे, जिसमें भारत बनाम पाकिस्तान दोनों मैच शामिल होंगे और यदि दोनों टीमें फाइनल खेलती हैं तो तीसरा गेम भी वहीं खेला जाएगा।

उन्होंने आगे ये भी बताया, “ऐसी कोई चर्चा नहीं हुई कि भारत पाकिस्तान की यात्रा करेगा या हमारे सचिव वहां जाएंगे। सिर्फ शेड्यूल फाइनल हुआ है। रिपोर्ट में आगे बोला गया है कि पूरी संभावना है कि भारत 2010 संस्करण की तरह ही श्रीलंका के दांबुला में पाकिस्तान से खेलेगा।

पाकिस्तान का अपने देश में एकमात्र घरेलू मैच कमजोर टीम नेपाल के खिलाफ होगा। अन्य तीन मैच अफगानिस्तान बनाम बांग्लादेश, बांग्लादेश बनाम श्रीलंका और श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान हैं।

यह 2016 के बाद उपमहाद्वीप में आयोजित होने वाला पहला एशिया कप है, जब बांग्लादेश ने आखिरी बार महाद्वीपीय टूर्नामेंट की मेजबानी की थी। इसके बाद दोनों संस्करणों (2018 और 2022) की यूएई ने की थी।