डोमिनिका टेस्ट : पहले दिन अश्विन व जडेजा की गेंदबाजी में फंसा वेस्टइंडीज
डोमिनिका में भारत और वेस्टइंडीज के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज का पहला ही दिन भारत के नाम रहा। उसने वेस्टइंडीज को पहली पारी में 150 रन पर ढेर किया। खेल समाप्त होने के समय बिना विकेट गिरे 80 रन बना लिए। कप्तान रोहित शर्मा के साथ डेब्यू करने वाले यशस्वी जायसवाल नाबाद हैं।
अनुभवी गेंदबाज रविचंद्रन अश्विन ने कमाल दिखाते हुए पांच विकेट हासिल किए। वेस्टइंडीज के कप्तान क्रेग ब्रैथवेट ने भारत के खिलाफ टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। भारतीय टीम के लिए दो प्लेयर्स ने डेब्यू किया है। 21 साल के यशस्वी जायसवाल अपना पहला मैच खेलने उतरे। उन्हें रोहित शर्मा ने टेस्ट कैप दिया।

ईशान किशन को पहली बार टेस्ट खेलने का मौका मिला। वह विकेटकीपर केएस भरत की जगह चुने गए। विराट कोहली ने ईशान को टेस्ट कैप दी। वेस्टइंडीज की बात करें तो उसके लिए एलिक एथनेज ने डेब्यू किया। टेस्ट क्रिकेट में 33वीं बार अश्विन ने किसी पारी में पांच विकेट हासिल किए हैं। रोहित और यशस्वी ने पहली पारी में भारत को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने कुछ दर्शनीय शॉट लगाए और कोई गलती नहीं की।
यशस्वी 73 गेंद पर 40 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में छह चौके लगाए हैं। रोहित ने 65 गेंद पर 30 रन बना लिए हैं। उन्होंने तीन चौके और एक छक्का लगाया। भारत पहली पारी में वेस्टइंडीज से 70 रन पीछे है और वह दूसरे दिन इस अंतर को खत्म करने के बाद बड़ी बढ़त हासिल करने उतरेगा।
दूसरी तरफ वेस्टइंडीज के गेंदबाजों को मैच में लौटने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी। पहली पारी में वेस्टइंडीज की शुरुआत खराब रही। उसकी आधी टीम 76 रन पर पवेलियन लौट गई। वेस्टइंडीज को पहला विकेट रविचंद्रन अश्विन ने दिया। उन्होंने 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर तेजनारायण चंद्रपॉल को आउट किया। चंद्रपॉल 44 गेंद पर 12 रन बनाकर क्लीन बोल्ड हुए।
अश्विन ने कप्तान क्रेग ब्रैथवेट को पवेलियन भेज दिया। ब्रैथवेट का कैच भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिया। वह 46 गेंद पर 20 रन ही बना सके। शार्दुल ठाकुर ने अपने पहले और पारी के 20वें ओवर में भारतीय टीम को सफलता दिलाई। उन्होंने रेमोन रीफर को विकेटकीपर ईशान किशन के हाथों कैच कराया।
रीफर 18 गेंदों पर दो रन ही बना सके। ईशान का टेस्ट में यह पहला कैच है। वेस्टइंडीज को चौथा झटका रवींद्र जडेजा ने दिया। उन्होंने जर्मेन ब्लैकवुड को मोहम्मद सिराज के हाथों कैच कराया। ब्लैकवुड ने 34 गेंद पर 14 रन बनाए। सिराज ने डाइव लगाते हुए उनका शानदार कैच लिया। ब्लैकवुड के आउट होते ही लंच का ऐलान हो गया। वेस्टइंडीज ने चार विकेट पर 68 रन बना लिए थे। लंच के तुरंत बाद विंडीज को पांचवां झटका लगा।
रवींद्र जडेजा ने जोशुआ डी सिल्वा को आउट किया। जोशुआ 13 गेंद पर दो रन ही बना सके। वह विकेटकीपर ईशान किशन को कैच थमा बैठे। 76 रन पर पांच विकेट गिर जाने के बाद डेब्यू करने वाले एलिक एथनेज और अनुभवी जेसन होल्डर ने पारी को संभाला। दोनों ने संभलकर बल्लेबाजी की और छठे विकेट के लिए 41 रन की पार्टनरशिप की।
पहली पारी में वेस्टइंडीज के लिए यह बड़ी पार्टनरशिप साबित हुई। भारत को छठी सफलता मोहम्मद सिराज ने दिलाई। उन्होंने जेसन होल्डर को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराकर यह साझेदारी तोड़ी। होल्डर 61 गेंद पर 18 रन बनाकर आउट हुए। अश्विन ने भारत को सातवीं सफलता दिलाई है।
उन्होंने अल्जारी जोसेफ को जयदेव उनादकट के हाथों कैच कराया। जोसेफ ने 11 गेंद पर चार रन बनाए। एलिक एथनेज अर्धशतक लगाने से चूक गए। उन्होंने डेब्यू मैच की पहली पारी में काफी देर तक संघर्ष किया। एथनेज 99 गेंद पर 47 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने छह चौके और एक छक्का लगाया। अश्विन ने एथनेज को शार्दुल ठाकुर के हाथों कैच कराया। जडेजा ने भारत को नौवीं सफलता दिलाई। उन्होंने केमार रोच को एलबीडब्ल्यू कर दिया।
अश्विन ने जोमेल वॉरिकन को आउट कर वेस्टइंडीज की पारी को समेट दिया। रोच और वॉरिकन ने एक-एक रन बनाए। भारत के लिए अश्विन ने पांच और रवींद्र जडेजा ने तीन विकेट लिए। मोहम्मद सिराज और शार्दुल ठाकुर को एक-एक सफलता मिली। अश्विन ने कुल 33वीं बार पारी में पांच या उससे ज्यादा विकेट लिया है। अश्विन ने भारत-वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट में पांचवीं बार पारी में पांच विकेट लिए हैं।
इस मामले में वह पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह की बराबरी कर ली। हरभजन ने पांच बार ऐसा किया था। वह अब सिर्फ वेस्टइंडीज के पूर्व तेज गेंदबाज मैल्कम मार्शल (छह) से पीछे हैं। अश्विन ने वेस्टइंडीज की जमीन पर तीसरी बार पारी में पांच विकेट लिए। इस मामले में वह संयुक्त रूप से पहले स्थान पर आ गए हैं।
अश्विन ने सुभाष गुप्ते, अनिल कुंबले, हरभजन सिंह और ईशांत शर्मा की बराबरी की। इतना ही नहीं, अश्विन ने अंतरराष्ट्रीय मैचों (टेस्ट, वनडे और टी20) में अपने कुल 700 विकेट भी पूरे कर लिए। उनके अब 702 विकेट हो चुके हैं। वह ऐसा करने वाले तीसरे भारतीय गेंदबाज हैं। अश्विन से आगे हरभजन सिंह (711) और अनिल कुंबले (956) हैं।