एक पॉडकास्ट के दौरान छलका स्पिनर युजवेंद्र चहल का दर्द
नई दिल्ली: अपनी निराशा के बारे में भारतीय स्पिनर युजवेंद्र चहल ने खुलकर बात की है, जब रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने उन्हें आठ साल तक खेलने के बाद 2022 में हुए आईपीएल मेगा ऑक्शन से पहले रिटेन नहीं किया था।
चहल आगे बोलते हैं कि, ‘बहुत सारी अफवाहें आईं, जैसे मैंने बहुत बड़ी रकम मांगी। मैंने उस टाइम स्पष्ट किया था कि ऐसा कुछ भी नहीं था। मैं जानता हूं कि मैं किस चीज का हकदार हूं। मुझे जो बात बहुत बुरी लगी वह यह थी कि कोई फोन कॉल नहीं आया, किसी तरह का कोई संचार नहीं था। कम से कम बात तो करो।
उन्होंने एक पॉडकास्ट पर कहा, ‘निश्चित रूप से मुझे बहुत दुख हुआ। मेरा सफर आरसीबी से शुरू हुआ। मैंने उनके साथ आठ साल बिताए। आरसीबी ने मुझे अवसर दिया और उनकी वजह से मुझे इंडिया कैप मिली।

पहले मैच से ही विराट भैया ने मुझ पर भरोसा दिखाया तो, यह बुरा लगा क्योंकि जब आप एक टीम में 8 साल गुजारते हैं तो यह लगभग परिवार जैसा लगता है, मैंने उनके लिए 114 मैच खेले हैं। नीलामी में उन्होंने मुझसे वादा किया कि वे मेरे लिए हर संभव कोशिश करेंगे। मैंने कहा, ठीक है। जब मुझे वहां नहीं चुना गया तो मुझे बहुत गुस्सा आया। मैंने उन्हें आठ साल दिए।
चिन्नास्वामी मेरा पसंदीदा मैदान था। मैंने आरसीबी की कोचिंग स्टाफ से कोई बात नहीं की। चहल 187 विकेट के साथ आईपीएल में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं और उन्होंने स्वीकार किया कि राजस्थान रॉयल्स में जाने से एक गेंदबाज के रूप में उनमें सुधार हुआ क्योंकि उन्होंने डेथ ओवरों में गेंदबाजी करना शुरू कर दिया था।
वह बोलते हैं, ‘मुझे एहसास है कि नीलामी एक बहुत ही अप्रत्याशित जगह है। इसलिए, मैंने इस तथ्य से समझौता कर लिया कि जो कुछ भी होता है, अच्छे के लिए होता है।
राजस्थान रॉयल्स में, मैंने डेथ ओवरों में गेंदबाजी करना शुरू किया। आरसीबी में अक्सर मेरा कोटा 16 ओवर से पहले पूरा हो जाता था। इसलिए, मुझे लगता है कि मैं राजस्थान रॉयल्स में एक क्रिकेटर के रूप में भी विकसित हुआ हूं। इसलिए, जो कुछ भी हुआ, अच्छे के लिए हुआ।