Trending

इस वजह से आरसीबी ने इन दो दिग्गजों को दिखाया बाहर का रास्ता


आईपीएल के आगामी सीजन से पहले रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने एक चौंकाने वाला फैसला लिया है। टीम ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़ा बदलाव किया है। आरसीबी ने डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस माइक हेसन और हेड कोच संजय बांगर को बाहर का रास्ता दिखाया है। ये दोनों कई सीजन से टीम के साथ थे फ्रेंचाइजी ने अब इनसे अलग होने का फैसला किया है।

एक अखबार की रिपोर्ट के मुताबिक फ्रेंचाइजी अब नए कोचिंग स्टाफ की तलाश में है। हालांकि अब तक ये तय नहीं है कि गेंदबाजी कोच एडम ग्रिफिथ को बरकरार रखा जाएगा या नहीं।

माइक हेसन और संजय बांगर का विराट कोहली से काफी अच्छा तालमेल था, अब दोनों दिग्गजों को बाहर किया गया है। आरसीबी ने दोनों दिग्गजों के कॉन्ट्रैक्ट को रिन्यू नहीं किया है और माना जा रहा है कि कॉन्ट्रैक्ट को आगे नहीं बढ़ाया जाएगा।

हालांकि टीम की तरफ से कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है लेकिन माना जा रहा है कि फ्रेंचाइजी अब नए कोच की तलाश में है। फ्रेंचाइजी किसी ऐसे कोच को लाना चाहती है जो टीम में नए आइडिया को ला सके और उन्हें टाइटल जिता सके। आरसीबी आईपीएल 2023 के दौरान प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच पाई थी और शायद यही वजह है कि वो काफी निराश थे।

टीम किसी भारतीय को अपना कोच बनाएगी या फिर विदेशी कोच की नियुक्ति करेगी इसको लेकर अभी तक स्थिति स्पष्ट नहीं है। माइक हेसन की अगर बात करें तो वो 2019 में आरसीबी का हिस्सा बने थे। संजय बांगर की नियुक्ति 2022 आईपीएल सीजन से पहले हुई थी।

माइक हेसन के नेतृत्व में टीम 2020 के सीजन में चौथे पायदान पर थी और 2021 में तीसरे पायदान पर थी। आईपीएल 2022 में टीम चौथे और आईपीएल 2023 में प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई नहीं कर पाई थी।