एमर्जिंग एशिया कप : भारत ए सेमीफाइनल में, अंतिम ग्रुप मैच में पाक से टक्कर
कोलंबो : भारत ए ने पुरुष एमर्जिंग एशिया कप के अपने दूसरे मैच में सलामी बल्लेबाजों अभिषेक शर्मा (87) और साई सुदर्शन (नाबाद 58) की अर्धशतकीय पारियों और दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 19 ओवर में 139 रन की पार्टनरशिप से नेपाल को नौ विकेट से हराया। टीम ने ग्रुप चरण के अपने पहले मैच में यूएई को आठ विकेट से हराया था।
अब उसका मैच ग्रुप के आखिरी मैच में चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान ए से बुधवार को होगा। नेपाल ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया, उसकी पूरी टीम 39.2 ओवर में 167 रन पर आउट हुई। भारत ने 22.1 ओवर में एक विकेट के गिराने पर लक्ष्य हासिल करके सेमीफाइनल में जगह बना ली।

मैन ऑफ द मैच अभिषेक ने 69 गेंद की पारी में 12 चौके और दो छक्के मारे, सुदर्शन ने 52 गेंद की नाबाद पारी में आठ चौके और एक छक्का लगाया। टीम के लिए विजयी छक्का मारने वाले ध्रुव जुरेल ने 12 गेंद में 21 रन बनाए। राजवर्धन हंगरगेकर (25 रन पर तीन विकेट) और हर्षित राणा (16 रन पर दो विकेट) की तेज गेंदबाजी के आगे नेपाल की आधी टीम 10 ओवर में 37 रन पर पवेलियन लौट गयी।
कप्तान रोहित पौडेल ने 85 गेंद में 65 रन बनाने के साथ सातवें विकेट के लिए गुलशन झा (38) के साथ 54 रन की पार्टनरशिप करके टीम के स्कोर को 167 रन तक पहुंचाया।
स्पिनर निशांत सिंधू (14 रन पर चार विकेट) ने नेपाल के आखिरी चार विकेट झटके, मानव सुतार को एक सफलता मिली। दिन के एक अन्य मैच में पाकिस्तान ए ने यूएई ए को 184 रन से हराया। पाकिस्तान ए की टीम भी दो मैचों दो जीत के बाद सेमीफाइनल में पहुंच गयी है।