Trending

इमर्जिंग एशिया कप : बांग्लादेश- ए के खिलाफ भारत-ए की शानदार प्रदर्शन पर निगाह

इमर्जिंग एशिया कप के लीग चरण में दमदार प्रदर्शन करने के बाद भारत ए शुक्रवार को बांग्लादेश ए के खिलाफ होने वाले सेमीफाइनल में जीत से इस टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचने का प्रबल दावेदार होगा। भारत को टूर्नामेंट में हार नहीं मिली है और सभी जीत में अहम पहलू यही रहा है कि प्रत्येक मैच में जरूरत पड़ने पर कई मैच विजेता देखने को मिले।

भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में आठ विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में मानव सुथार और निकिन जोश के अलावा साई सुदर्शन और हंगरगेकर का प्रदर्शन बेहतरीन रहा। हंगरगेकर (5/42) ने पांच विकेट झटके, साई सुदर्शन (104 रन) ने शतक मारकर सुर्खियां बटोंरी। निकिन (53 रन) और बायें हाथ के स्पिनर सुथार (3/36) ने भी अच्छा योगदान दिया।

बांग्लादेश की टीम को हल्के में नहीं लिया जा सकता। प्रतिस्पर्धी टीम बांग्लादेश के खिलाफ भारत की नजर सभी विभागों में शानदार प्रदर्शन जारी रखने पर लगी होगी।

भारत ए की भिड़ंत बांग्लादेश ए से दोपहर दो बजे होगी। टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में श्रीलंका के खिलाफ मिली हार के बाद बांग्लादेश ने अच्छी वापसी करते हुए ओमान और अफगानिस्तान को मात देकर अंतिम चार चरण में जगह बनाई। तंजिद हसन और महमुदुल हसन ने बल्लेबाजी की जिम्मेदारी बखूबी संभाली, इन दोनों ने क्रमश: 128 और 111 रन बनाए।

तेज गेंदबाज तंजिम साकिब ने उनकी गेंदबाजी की अगुआई करते हुए सात विकेट झटके। बांग्लादेश की टीम उम्मीद करेगी कि उनके अनुभवी खिलाड़ी सौम्य सरकार भारत के खिलाफ प्रभावित कर सकें। भारत की नजर पाकिस्तान और मेजबान श्रीलंका के बीच होने वाले पहले सेमीफाइनल के नतीजे पर भी लगी होंगी।

तेज गेंदबाज हर्षित राणा (4/41) और कप्तान यश ढुल (108 रन) टूर्नामेंट के शुरुआती मैच में संयुक्त अरब अमीरात के खिलाफ शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ी रहे जिससे टीम ने आठ विकेट से जीत दर्ज की।

नेपाल के खिलाफ मैच में बायें हाथ के स्पिनर निशांत सिंधू (4/14) के शानदार प्रदर्शन के बाद सलामी बल्लेबाज बी साई सुदर्शन (58 रन) और अभिषेक शर्मा (87 रन) ने नौ विकेट की जीत में अहम भूमिका निभाई। टूर्नामेंट में आठ विकेट से सर्वाधिक विकेट चटकाने वाले ऑलराउंडर राजवर्धन हंगरगेकर ने भी इस मैच में योगदान दिया और तीन विकेट झटके।

भारत ए टीम: साई सुदर्शन, अभिषेक शर्मा, निकिन जोस, यश ढुल (कप्तान), रियान पराग, निशांत सिंधू, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), मानव सुथार, हर्षित राणा, नीतीश रेड्डी, आरएस हंगरगेकर, आकाश सिंह, युवराजसिंह डोडिया, प्रभसिमरन सिंह, प्रदोष पॉल।

बांग्लादेश ए टीम: मोहम्मद नईम, तंजिद हसन, जाकिर हसन, सैफ हसन (कप्तान), महमुदुल हसन जॉय, सौम्य सरकार, अकबर अली (विकेटकीपर), मेहदी हसन, रकीबुल हसन, तंजीम हसन साकिब, रिपन मोंडोल, मुसफिक हसन, परवेज हुसैन इमोन, शहादत हुसैन, मृत्युंजय चौधरी, नईम हसन।