पुरुष डबल्स रैंकिंग में सात्विक व चिराग अब वर्ल्ड नंबर टू
बीडब्ल्यूएफ की ताजा रैंकिंग में सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की भारतीय बैडमिंटन जोड़ी ने अपने करियर की बेस्ट वर्ल्ड रैंकिंग हासिल की। सात्विक-चिराग अपनी पिछली रैंकिंग से एक स्थान ऊपर बढ़कर पुरुष डबल्स में दूसरे स्थान पर आ गए है।
चिराग शेट्टी और सात्विक साईराज की भारतीय जोड़ी ने कोरिया ओपन का ख़िताब अपने नाम किया था। चिराग-सात्विक की जोड़ी ने वर्ल्ड नंबर वन फजर अल्फियान और मोहम्मद रियान की इंडोनेशियाई जोड़ी को 17-21, 21-13, 21-14 के अंतर से मात दी थी।
पिछले वर्ष कॉमनवेल्थ गेम्स का गोल्ड मेडल, फ्रेंच ओपन सुपर 750 खिताब और मौजूदा सीजन में इंडोनेशिया ओपन और स्विस ओपन 300 खिताब जीतने वाली सात्विक और चिराग की जोड़ी के अब 87211 अंक है। सात्विक और चिराग ने इस वर्ष इंडोनेशिया सुपर 1000 और स्विस ओपन सुपर 500 खिताब जीते है।

जून में अपने पिछले टूर्नामेंट इंडोनेशिया ओपन को जीतने वाली भारतीय जोड़ी का यह लगातार दूसरा खिताब है। यह उनका तीसरा बीडब्ल्यूएफ 500 खिताब है। इससे पहले उन्होंने 2019 में थाईलैंड ओपन और पिछले साल इंडिया ओपन जीता था।
महिला एकल में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता पीवी सिंधु 17वें स्थान पर है।
सिंधु सात वर्ष में पहली बार मार्च में शीर्ष 10 की रैंकिंग से बाहर हुई थीं। महिला युगल में त्रीशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी 19वें स्थान पर बनी हुई है। पुरुष सिंगल्स में एचएस प्रणय 10वें स्थान पर है। लक्ष्य सेन को रैंकिंग में दो स्थान का नुकसान हुआ है। वो अब 13वें स्थान पर आ गए है। फॉर्म से जूझ रहे किदांबी श्रीकांत 20वें स्थान पर है।