ओवल टेस्ट : पहली पारी में 295 रन पर ऑस्ट्रेलिया ऑलआउट
ओवल में एशेज सीरीज के पांचवें और आखिरी टेस्ट की पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया को केवल 12 रन की बढ़त हासिल हुई. ऑस्ट्रेलिया टीम खेल के दूसरे दिन पहली पारी में 295 रन पर ढेर हो गई. ऑस्ट्रेलिया की पारी खत्म होने के साथ ही दूसरे दिन का खेल खत्म हो गया. स्टीव स्मिथ ने सबसे अधिक 71 रन बनाए.
इंग्लैंड के गेंदबाजों ने लंच के बाद वापसी की. स्टुअर्ट ब्रॉड ने उस्मान ख्वाजा (47 रन) को आउट किया, उन्होंने ट्रेविस हेड (4 रन) को आउट किया. मिशेल मार्श 16 रन बनाकर जेम्स एंडरसन की गेंद पर आउट हो गए. एलेक्स कैरी (10 रन) का विकेट जो रूट ने झटका. टी ब्रेक तक ऑस्ट्रेलिया का स्कोर सात विकेट के नुकसान पर 186 रन था.

स्टीव स्मिथ 40 रन और पैट कमिंस 1 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे. ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे दिन के खेल की शुरुआत एक विकेट पर 61 रन से की. लंच तक ऑस्ट्रेलिया ने एक विकेट गंवाया. क्रिस वोक्स की गेंद में जो रूट ने स्लिप में लाबुशेन का शानदार कैच पकड़ा. लाबुशेन नौ रन (82 गेंद) धीमी पारी खेलकर आउट हो गए.
स्टीव स्मिथ और पैट कमिंस ने अर्धशतकीय पार्टनरशिप करके मैच में ऑस्ट्रेलिया की वापसी कराई. स्मिथ टीवी अंपायर के चलते रन आउट होने से बचे और उन्होंने अपना अर्धशतक पूरा किया.

स्मिथ 71 रन की पारी खेलकर क्रिस वोक्स की गेंद पर पवेलियन लौटे. स्मिथ के आउट होने के बाद टॉड मर्फी ने पैट कमिंस के 49 रन की पार्टनरशिप की, जिसकी वजह से ऑस्ट्रेलिया टीम बढ़त हासिल करने में कामयाब रही.
टॉड मर्फी ने 34 रन की पारी खेली, क्रिस वोक्स ने उन्हें आउट किया. पैट कमिंस (36 रन) आउट होने वाले आखिरी बल्लेबाज रहे. कमिंस को जो रूट ने अपना दूसरा शिकार बनाया. इंग्लैंड के लिए क्रिस वोक्स ने सबसे अधिक तीन विकेट झटके, जो रूट, स्टुअर्ट ब्रॉड और मार्क वुड के नाम दो-दो सफलता रही. एक विकेट जेम्स एंडरसन के नाम रहा.