Trending

छह विकेट से हारा भारत, तीसरा एवं निर्णायक वनडे एक अगस्त को

ब्रिजटाउन : भारत और वेस्टइंडीज तीन मैचों की वनडे सीरीज के बारबाडोस में खेले गए दूसरे मैच में वेस्टइंडीज ने छह विकेट से जीत दर्ज की।

रोहित शर्मा और विराट कोहली के बिना खेलने आई भारतीय टीम की ओर से बल्लेबाजी करने दतीे ईशान किशन ने दूसरा और अपना पांचवां वनडे अर्धशतक जड़ा एवं शुभमन गिल (34) के साथ पहले विकेट के लिए 90 रनों की पार्टनरशिप की। 17वें ओवर में गिल के आउट होने के बाद भारतीय पारी लड़खड़ा गई।

टीम इंडिया पहले खेलते हुए 40.5 ओवर में 181 रन बनाकर सिमट गई। ईशान किशन ने 55 रनों की अर्धशतकीय पारी खेली, उनके अलावा कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर नहीं बना सका। जवाब में विंडीज टीम ने 37वें ओवर में ही चार विकेट गिराने पर जीत दर्ज की। वेस्टइंडीज के कप्तान शाई होप को 63 रनों की पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।

इस मैच में 18वें ओवर में 95 के स्कोर पर ईशान किशन और 20वें ओवर में 97 के स्कोर पर अक्षर पटेल (1) आउट हो गए। 21वें ओवर में 100 का आंकड़ा पार हुआ, 24वें ओवर की आखिरी और 25वें ओवर की पहली गेंद पर दो विकेट गिरने से भारत का स्कोर 113/5  हो गया था।

हार्दिक पांड्या 7 और संजू सैमसन 9 रन बनाकर आउट हो गए। बारिश की वजह से मैच कुछ देर रुका रहा। बारिश के बाद सूर्यकुमार यादव (24) और रविंद्र जडेजा (10) ने छठे विकेट के लिए 33 रनों की पार्टनरशिप की, 32वें ओवर में 146 के स्कोर पर जडेजा और 33वें ओवर में 148 के स्कोर पर सूर्या के आउट होने से भारत को दोहरा झटका लगा।

शार्दुल ठाकुर ने 16 रन बनाए, 38वें ओवर में 167 के स्कोर पर वह आउट हो गए। इसके बाद फिर बारिश के कारण मैच कुछ देर रुका, मैच शुरू होने के तुरंत बाद उमरान मलिक भी बिना रन बनाए 38वें ओवर में 167 के ही स्कोर पर आउट हुए। 41वें ओवर में 181 के स्कोर पर मुकेश कुमार 7 रन बनाकर आउट हुए और टीम इंडिया सिमट गई।

कुलदीप यादव 8 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की ओर से रोमारियो शेफर्ड और गुडाकेश मोती को सबसे ज्यादा तीन-तीन विकेट की सफलता मिली। उनके अलावा अल्जारी जोसेफ ने दो और जेडन सील्स एवं यानिक कारियाह ने एक-एक विकेट लिया। जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत तेज़ रही और नौवें ओवर में ही बिना विकेट गिरे उन्होंने 50 का आंकड़ा पार किया था।

नौवें ओवर में 53 और 54 के स्कोर पर शार्दुल ठाकुर ने टीम को दो सफलता दिलाई और दोनों ओपनर (काइल मेयर्स 36 एवं ब्रैंडन किंग 15) को आउट किया। 13वें ओवर में 72 के स्कोर पर शार्दुल ने एलिक अथानाज़े (6) को चलता किया। 17वें ओवर में 91 के स्कोर पर वेस्टइंडीज को चौथा झटका लगा और कुलदीप यादव ने शिमरोन हेटमायर (9) को आउट किया।

कप्तान शाई होप ने कमान अपने हाथ में ली और किसी कार्टी के साथ पांचवें विकेट के लिए 91 रनों की पार्टनरशिप निभाकर टीम की जीत सुनिश्चित की। शाई होप ने अपना 24वां वनडे अर्धशतक पूरा किया और 80 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली। किसी कार्टी 48 रन बनाकर नाबाद रहे और वेस्टइंडीज ने 80 गेंद शेष रहते एकतरफा जीत मिली।

भारत के खिलाफ यह वेस्टइंडीज की 9 मैच के बाद पहली जीत है। इससे पहले दिसम्बर 2019 में विंडीज ने भारत को अंतिम बार वनडे में मात दी थी।

दोनों टीमों के बीच सीरीज का तीसरा एवं निर्णायक वनडे एक अगस्त को टरॉबा, त्रिनिदाद में होगा। वनडे सीरीज के बाद 3 अगस्त से 13 अगस्त तक दोनों टीमों के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज होगी।