19 अगस्त से होगा प्रदेशीय सिविल सर्विसेज टीम का ट्रायल
लखनऊ। अखिल भारतीय सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता के लिए प्रदेशीय सिविल सर्विसेज टीम का ट्रायल अब 19 अगस्त से होगा।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अजय कुमार सेठी के अनुसार चयन ट्रायल के नये कार्यक्रम के अनुसार पहले यह ट्रायल 8 से 19 अगस्त तक होने थे। अब 19 अगस्त को जिला स्तरीय ट्रायल होंगे। इसके बाद मंडल स्तरीय ट्रायल 25 व 26 अगस्त को और प्रदेश स्तरीय ट्रायल 4 व 5 सितंबर को होंगे।
उन्होंने कहा कि जिला से लेकर प्रदेश स्तरीय तक चयन ट्रायल की जगहों में कोई बदलाव नहीं किया गया है। टेबल टेनिस, शतरंज, भारत्तोलन एंड बेस्ट फिजिक और ब्रिज के ट्रायल लखनऊ में होंगे।

इस ट्रायल में वो ही खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकते हैं जिन्होंने अपने विभाग में छह माह तक काम कर लिया हो। भारत सरकार की गाइडलाइन के अनुसार सिविल सर्विसेज प्रतियोगिता में आटोनामस बाडी जैसे परिषद, बोर्ड, नगर निगम, पंचायत और पुलिस विभाग के कर्मचारी, अध्यापक और सहायक अध्यापक इस ट्रायल में भाग नहीं लेंगे।
जारी कार्यक्रम के अनुसार टेनिस का म्योहाल, प्रयागराज में, वॉलीबाल का अयोध्या में, तैराकी का मेरठ में, बॉस्केटबाल का जौनपुर में, बैडमिंटन का बरेली में, कबड्डी का अमेठी में, शतरंज का लखनऊ में, भारत्तोलन एंड बेस्ट फिजिक का लखनऊ में, टेबल टेनिस का लखनऊ में, ब्रिज का लखनऊ में, एथलेटिक्स का गोरखपुर में, फुटबॉल का सीतापुर में, कैरम का कानपुर में, कुश्ती का आजमगढ़ में, पॉवरलिफ्टिंग का आगरा में, क्रिकेट का आगरा में और हॉकी का ट्रायल इटावा में होगा।