Trending

पहले टी-20 में हारा भारत, वेस्टइंडीज ने सीरीज में ली 1-0 की बढ़त


पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मैच में वेस्टइंडीज ने टीम इंडिया को 4 रन से मात देकर इस सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है।

ब्रायन लारा स्टेडियम में हुए इस मैच में वेस्टइंडीज ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट गिराने पर 149 रन बनाए। जवाब में टीम इंडिया पूरे ओवर खेलकर 9 विकेट पर 145 रन बना पाई।

कैरेबियाई कप्तान पॉवेल अपने अर्धशतक से चूक गए। उन्होंने 32 गेंदों पर 3 चौकों और 3 छक्कों से 48 रन बनाए। अर्शदीप सिंह ने उन्हें सूर्यकुमार यादव के हाथों कैच आउट करवाया।

पॉवेल के टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 1,000 रन पूरे हो गए है। उन्होंने 52 टी-20 की 50 पारियों में 1,020 रन बनाए है। इस दौरान उनके बल्ले से 4 अर्धशतक और 1 शतक भी निकला है।

इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने आई वेस्टइंडीज के 58 रन पर तीन विकेट गिरे। निकोलस पूरन (41) और कप्तान पॉवेल (48) ने अहम पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।

भारत से युजवेंद्र चहल और अर्शदीप सिंह को 2-2 विकेट की सफलता मिली। जवाब में भारत से गिल (3) और किशन (6) सस्ते में आउट हुए। तिलक (39) ने अच्छी पारी खेली, जीत नहीं दिला सके।

पूरन 2 चौकों और इतने ही छक्कों से 41 रन बनाकर आउट हो गए। इस बीच उन्होंने अपने 1,500 रन पूरे किए। उनके अब 76 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में 25.45 के औसत और 130.62 के स्ट्राइक रेट के साथ 1,527 रन हो गए है। उन्होंने रनों के मामले में लैंडल सीमंस (1,527) की बराबरी कर ली है।

पूर्व कैरेबियाई कप्तान पूरन से अधिक रन सिर्फ क्रिस गेल (1,899), मार्लोन सैमुअल्स (1,611) और किरोन पोलार्ड (1,569) ने बनाए है।

अपना पहला टी-20 मैच खेल रहे तिलक वर्मा ने प्रभावित किया। उन्होंने क्रीज पर आते ही अपनी दूसरी गेंद पर छक्का मारकर अपना खाता खोला।

उन्होंने विपक्षी गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और 22 गेंदों में 177.27 के स्ट्राइक रेट से 39 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने अपनी पारी में 2 चौके और 3 छक्के भी मारे। वह रोमारियो शेफर्ड की गेंद पर शिमरोन हेटमायर को कैच दे बैठे।