आरसीबी के नए मुख्य कोच होंगे एंडी फ्लावर
माइक हेसन की जगह लेकर आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के नया कोच एंडी फ्लावर होंगे। माइक हेसन का इस टीम के साथ कार्यकाल 31 अगस्त को खत्म हो रहा है। फ्लावर को मई 2007 में इंग्लैंड टीम का सहायक कोच बनाया गया था। उन्होंने इस भूमिका में अच्छा काम किया और उन्हें इसका फायदा मिला।
पीटर मूर्स के जाने के बाद इंग्लैंड ने उन्हें साल 2009 में टीम का मुख्य कोच बना दिया। उनके नेतृत्व में इंग्लैंड ने 2009 की घरेलू एशेज सीरीज 2-1 से जीती। वर्ष 2010 में इंग्लैंड टीम ने टी-20 विश्व कप भी जीता।

फ्लावर ने साल 1992 से साल 2003 तक जिम्बाब्वे टीम का प्रतिनिधित्व किया है और उन्हें महान विकेटकीपर-बल्लेबाजों में से एक माना जाता है।
उन्होंने 63 टेस्ट मैचों में 51.54 की औसत से 4,794 रन बनाए है। इस दौरान उन्होंने 12 शतक और 27 अर्धशतक मारे है।
वनडे क्रिकेट में उन्होंने 213 मैच खेले है और 35.34 की औसत से 6,786 रन बनाए है। इस दौरान उन्होंने 4 शतक और 55 अर्धशतक लगाए है।
फ्लावर ने साल 2010-11 में इंग्लैंड को घरेलू धरती पर 3-1 से एशेज सीरीज में जीत दिलाई। साल 2011 में इंग्लैंड ने भारत को घरेलू मैदान पर 4-0 से हराया। इस दौरान वे शीर्ष रैंकिंग वाली टेस्ट टीम भी थे।
फ्लावर के कार्यकाल में साल 2013 में घरेलू मैदान पर इंग्लैंड को 3-0 से एशेज सीरीज में जीत मिली। ऑस्ट्रेलिया में 2013-14 एशेज में इंग्लैंड की 0-5 से हार के बाद फ्लावर ने पद से इस्तीफा दिया।
मुख्य कोच का पद छोड़ने के बाद फ्लावर ने इंग्लैंड क्रिकेट की सेवा जारी रखी। उन्हें एलीट कोचिंग के तकनीकी निदेशक के रूप में नियुक्त किया गया था। वह काउंटी कोचों की देखरेख करते थे। वह इंग्लैंड लायंस के मुख्य कोच भी रहे।
फ्लावर ने दुनिया भर में लीग क्रिकेट के दौरान कई फ्रेंचाइजी टीमों को सेवाएं दी है। उन्हें साल 2016 में पेशावर जाल्मी का बल्लेबाजी कोच बनाया गया था।
साल 2020 में वह मुल्तान सुल्तान, सेंट लूसिया जॉक्स के लिए मुख्य कोच और आईपीएल में पंजाब किंग्स के लिए सहायक कोच भी थे। वह साल 2022 में द हंड्रेड टूर्नामेंट के दौरान ट्रेंट रॉकेट्स के मेंटर भी रहे है।
फ्लावर साल 2021 में टी-20 विश्व कप के लिए अफगानिस्तान टीम के कोचिंग सलाहकार के रूप में जुड़े। इस बीच ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच हाल ही में खत्म हुई एशेज सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने अनुभवी फ्लावर को अपने स्टाफ के रूप में जगह दी थी।
उनकी उपस्थिति से निश्चित रूप से ऑस्ट्रेलिया को फायदा हुआ, क्योंकि रोमांचक सीरीज 2-2 से बराबरी पर खत्म हुई। ऑस्ट्रेलिया ने एशेज अपने पास बरकरार रखा।
फ्लावर आईपीएल 2022 में लखनऊ सुपर जाइंट्स में शामिल हुए और पिछले 2 सीजन में फ्रेंचाइजी को प्लेऑफ तक पहुंचाया।
केएल राहुल की अगुवाई में टीम आईपीएल 2022 और 2023 दोनों सीजन में तीसरे स्थान पर रही। राहुल चोट के कारण कुछ मैच से बाहर हो गए थे।
लखनऊ सुपर जाइंट्स को साल 2023 के प्लेऑफ मैच में मुंबई इंडियंस ने मात दी थी। टीम ने पिछले महीने आधिकारिक तौर पर फ्लावर से नाता तोड़ा था।