Trending

सनराइजर्स हैदराबाद के मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे डेनियल विटोरी

डेनियल विटोरी को आईपीएल की फ्रेंचाइजी सनराइजर्स हैदराबाद ने अपना नया कोच के रूप में नियुक्त किया है। सनराइजर्स ने इसका आधिकारिक ऐलान किया है। उन्हें ब्रायन लारा की जगह ये जिम्मेदारी मिली है।

आईपीएल 2023 में सनराइजर्स हैदराबाद ने खराब प्रदर्शन किया। उन्होंने 14 में से 4 मैच जीते, 10 में उन्हें हार मिली थी। वह अंक तालिका में आखिरी 10वें स्थान पर थे।

पिछले सीजन में उन्होंने केवल पंजाब किंग्स, कोलकाता नाइट राइडर्स, राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 1-1 मैच जीते थे। एडेन मार्करम की कप्तानी में सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने आखिरी 4 मैच हारे थे।

बता दें कि लारा के मार्गदर्शन में खेलते हुए पिछले सीजन में सनराइजर्स हैदराबाद की टीम ने निराशाजनक प्रदर्शन किया था और टीम प्लेऑफ में भी नहीं पहुंच सकी थी।

विटोरी आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की ओर से खेल चुके है। इसके अलावा वह अपनी इस टीम के कोच भी रह चुके है। उन्हें 2014 में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का मुख्य कोच बनाया गया और वह 2018 तक इस पद पर रहे थे।

उनके कोचिंग कार्यकाल के दौरान ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 2015 में प्लेऑफ और 2016 में फाइनल तक जगह बनाई थी। बतौर खिलाड़ी उन्होंने आईपीएल के 34 मैचों में 6.79 की इकॉनमी रेट से 28 विकेट थे।

विटोरी वर्तमान में ‘द हंड्रेड’ में बर्मिंघम फीनिक्स पुरुष टीम के मुख्य कोच है और मई 2022 से ऑस्ट्रेलिया पुरुष टीम के साथ भी सहायक कोच के तौर पर बने हुए है।

इससे पहले उन्होंने बांग्लादेशी टीम के साथ स्पिन गेंदबाजी सलाहकार के रूप में भी काम किया है। इनके अलावा वह कैरेबियन प्रीमियर लीग में बारबाडोस रॉयल्स, बिग बैश लीग में ब्रिस्बेन हीट और विटैलिटी ब्लास्ट में मिडलसेक्स के साथ कोचिंग कर चुके है।

सनराइजर्स हैदराबाद ने पिछले कुछ समय में अपनी कोचिंग में लगातार बदलाव किए है। टॉम मूडी (2019 और 2022), ट्रेवर बेलिस (2020 और 2021) और लारा (2023) के बाद विटोरी मुख्य कोच की जिम्मेदारी संभालेंगे।

लगातार बदलाव का खामियाजा उन्हें आईपीएल में खराब प्रदर्शन के रूप में मिल रहा है। बता दें कि टीम आखिरी बार 2020 में आईपीएल प्लेऑफ में पहुंचने में सफल रही €थी।

विटोरी ने 113 टेस्ट में 34.36 की औसत से 362 विकेट लिए। बल्ले से उन्होंने 6 शतकों से 4,531 रन बनाए। विटोरी के नाम वनडे क्रिकेट के 295 मैचों में 31.72 की औसत से 305 विकेट है।

इस दौरान उन्होंने सिर्फ 4.13 की इकॉनमी रेट से रन दिए। बल्ले से उन्होंने 4 अर्धशतकों की मदद से 2,253 रन अपने नाम किए। 34 टी-20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 205 रन और 38 विकेट लिए थे।