विश्व चैंपियनशिप के ट्रायल में किसी भी पहलवान को नहीं दी जाएगी छूट
नई दिल्ली : विश्व चैंपियनशिप के लिए 25 और 26 अगस्त को पटियाला में ट्रायल का आयोजन होगा। ये जानकारी देश में कुश्ती का संचालन कर रही तदर्थ समिति ने दी है, इस ट्रायल में किसी भी पहलवान को छूट नहीं मिलेगी।
विश्व चैंपियनशिप के लिए प्लेयर्स के चयन के लिए तय मानदंडों में तदर्थ पैनल ने बोला, ‘‘2022 और 2023 में आयोजित सभी अंतरराष्ट्रीय/रैंकिंग/एशियाई/विश्व चैंपियनशिप/राष्ट्रमंडल खेल के पदक विजेता और प्रतिभागी के अलावा 2021 टोक्यो ओलंपिक के प्रतिभागी इस ट्रायल में हिस्सा ले सकते है।

बजरंग और विनेश ने इस ट्रायल में शामिल होने का मन नहीं बनाया है क्योंकि उनका मानना है कि 23 सितंबर से शुरू होने वाले हांगझोउ एशियाई खेल बहुत करीब है। विश्व चैंपियनशिप 2024 पेरिस ओलंपिक के लिए पहली क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है।
एशियाई खेल के ट्रायल से बजरंग पूनिया और विनेश फोगाट को मिली छूट से भारी हंगामा हुआ था और कुश्ती जगत के अधिकांश लोगों ने तदर्थ समिति के इस फैसले की आलोचना की थी।
समिति ने 16-24 सितंबर तक बेलग्रेड में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए ट्रायल में किसी भी पहलवान को छूट नहीं देने की घोषणा की। प्लेयर्स के नामों की प्रविष्टियां भेजने की अंतिम तारीख 16 अगस्त है।
भारतीय कुश्ती महासंघ चुनावों को लेकर अनिश्चितता की वजह से समय सीमा बढ़ाने के भारत के अनुरोध को यूनाइटेड वर्ल्ड रेसलिंग ने सैद्धांतिक रूप से स्वीकार किया है।
तदर्थ समिति के प्रमुख भूपेंदर सिंह बाजवा ने एक समाचार एजेंसी को बताया, ‘‘ यह एक ओलंपिक क्वालीफिकेशन टूर्नामेंट है इसलिए हम ट्रायल में और देरी नहीं कर सकते थे। इससे भारत की प्रविष्टियां खारिज कर दी जाती।