एथलीट किशोर जेना को मिल ही गया हंगरी का वीजा
हंगरी दूतावास से एथलीट किशोर जेना को अपना वीजा मिल गया है, 19 अगस्त से 27 अगस्त तक हंगरी के बुडापेस्ट में विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने की मंजूरी मिल गई है.
भाला फेंक खिलाड़ी जेना वर्तमान में विश्व में 33वें स्थान पर है. उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ थ्रो 28 जुलाई को श्रीलंका में 101वीं श्रीलंकाई चैंपियनशिप में 84.38 मीटर था, जिससे उन्हें गोल्ड जीतने में मदद मिली.
टोक्यो ओलंपिक के स्वर्ण पदक विजेता नीरज चोपड़ा ने गुरुवार को ट्विटर पर विदेश मंत्री एस जयशंकर समेत अधिकारियों से किशोर जेना के वीजा के मुद्दे को सुलझाने और एथलीट को बुडापेस्ट विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में हिस्सा लेने लेने में मदद करने का अनुरोध किया था.

भारत ने विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप के लिए 28 सदस्यीय मजबूत दल का ऐलान किया है, जिसकी अगुवाई गोल्ड मेडलिस्ट भाला फेंक खिलाड़ी नीरज चोपड़ा करेंगे, जिन्होंने पुरुषों की भाला फेंक स्पर्धा में रजत पदक के साथ चैंपियनशिप में पदक के लिए देश के 19 वर्ष के लंबे इंतजार को खत्म किया.
लॉन्ग जम्पर मुरली श्रीशंकर, हर्डलर ज्योति याराजी और स्टीपलचेज़र अविनाश साबले भी चैंपियनशिप में भारतीय दल का हिस्सा है. शॉटपुट खिलाड़ी तजिंदरपाल सिंह तूर को पिछले महीने बैंकॉक में एशियाई एथलेटिक्स चैंपियनशिप के दौरान लगी कमर में चोट की वजह से नाम वापस लेना पड़ा था.
उन्होंने गोल्ड जीतने के लिए 20.23 मीटर थ्रो किया, अंत में वह चोटिल हो गए. यह लगातार दूसरी विश्व चैंपियनशिप होगी जिसमें तजिंदर चोट की वजह से नहीं खेल पाएंगे, इससे पहले वह कमर की चोट के कारण यूजीन में 2022 चैंपियनशिप से हट गए थे.