इस वजह से विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में भाग नहीं लेंगे बजरंग पुनिया व दीपक पूनिया
सर्बिया के बेलग्रेड में आगामी विश्व कुश्ती चैंपियनशिप में टोक्यो ओलंपिक कांस्य पदक विजेता बजरंग पुनिया और राष्ट्रमंडल खेल के चैंपियन दीपक पूनिया ने हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है।
बजरंग पुनिया (65 किग्रा) और दीपक पूनिया (86 किग्रा) 25 और 26 अगस्त को एनआईएस पटियाला में होने वाली विश्व चैंपियनशिप के लिए सेलेक्शन ट्रायल में भाग नहीं लेंगे।
दरअसल, कैंप की तारीखें और टूर्नामेंट की तारीखें एक साथ होने की वजह से दोनों भारतीय पहलवानों ने टूर्नामेंट से बाहर होने का विकल्प चुना है।

विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2023, 16 से 24 सितंबर तक आयोजित होगी और यह पेरिस 2024 ओलंपिक के लिए पहली क्वालीफाइंग टूर्नामेंट है।
एक मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, बजरंग पुनिया ने एशियाई खेल 2023 की तैयारियों को लेकर 21 अगस्त से 28 सितंबर तक किर्गिस्तान के इज़िक-कुल में 39 दिवसीय ट्रेनिंग कैंप का प्रस्ताव रखा है।
दीपक पूनिया 23 अगस्त से 28 सितंबर तक 35 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर के लिए रूस के खासाव्युर्ट जाएंगे। इस प्रस्ताव के अनुसार, बजरंग पुनिया के साथ उनके कोच सुजीत मान, फिजियोथेरेपिस्ट अनुज गुप्ता और स्ट्रेंथ और कंडीशनिंग स्पेशलिस्ट काज़ी हसन होंगे, दीपक पूनिया अपने कोच कमल मलिकोव और फिजियोथेरेपिस्ट शुभम गुप्ता के साथ यात्रा करेंगे।
बजरंग पुनिया और दीपक पूनिया ने सितंबर-अक्टूबर में पीपुल्स रिपब्लिक ऑफ चाइना के हांगझोऊ में होने वाले एशियाई खेल 2023 के लिए भारतीय कुश्ती दल में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है।
अपने भार वर्ग के मैजूदा एशियाई खेल विजेता बजरंग पुनिया ने हांगझोऊ गेम्स के चयन ट्रायल में भी भाग नहीं लिया था इसके बावजूद उन्हें भारतीय टीम में सीधे एंट्री मिली थी, चार बार के विश्व विजेता को बेलग्रेड मीट के लिए सीधी एंट्री नहीं मिली।
इस बीच दीपक पूनिया ने नई दिल्ली में आयोजित एशियाई खेलों के चयन ट्रायल में प्रतिस्पर्धा करते हुए अपनी जगह सुनिश्चित की।
विश्व कुश्ती चैंपियनशिप 2023 में 90 ओलंपिक कोटा उपलब्ध होंगे। जहां 18 ओलंपिक भार वर्ग में से प्रत्येक के लिए पांच कोटा दिए जाएंगे।
कोटा स्थान एथलीटों से संबंधित नहीं है। ये कोटा स्थान नेशनल टीमों की ओर से अर्जित किए जाते हैं। नेशनल फेडरेशन या देश में खेल का प्रबंधन करने वाला बोर्ड तय करता है कि कौन सा पहलवान ओलंपिक में हिस्सा लेगा।