Trending

अंडर-20 विश्व खिताब विजेता महिला पहलवान टीम की पीएम मोदी ने सराहा


नई दिल्ली : अंडर-20 विश्व चैंपियनशिप में पहली बार भारतीय महिला पहलवानों द्वारा खिताब जीतने की प्रशंसा करते हुए पीएम मोदी ने इसे बड़ी जीत करार दिया।

उन्होंने बोला कि, अंतिम पंघाल का प्रदर्शन यादगार था क्योंकि उन्होंने अपना खिताब बरकरार रखा और दो बार जीतने वाली पहली खिलाड़ी बनीं।

पीएम मोदी ने कहा, ‘‘यह शानदार जीत हमारी उभरती हुई पहलवानों की अटूट प्रतिबद्धता, दृढ़ संकल्प और असाधारण प्रतिभा का प्रतीक है।

उन्होंने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर बोला, ‘‘भारतीय महिला पहलवानों की शानदार जीत। हमारी टीम ने तीन स्वर्ण समेत सात पदकों के साथ अद्वितीय प्रदर्शन करते हुए अंडर- 20 विश्व चैंपियनशिप 2023 में महिला कुश्ती टीम खिताब जीता।

अंतिम शुक्रवार को इतिहास रचते हुए लगातार दो बार अंडर 20 विश्व खिताब जीतने वाली भारत की पहली महिला पहलवान बनी जिसने 53 किलोवर्ग में खिताब अपने नाम किया।

सविता ने भी 62 किलोवर्ग में खिताब जीता और भारतीय महिला टीम ने इस खेल के इतिहास में पहली बार विश्व चैंपियनशिप टीम खिताब अपने नाम किया।

प्रिया मलिक ने गुरुवार को 76 किलोवर्ग में खिताब जीता था। भारत के सात पहलवानों ने इस बार पदक जीता है जिनमें तीन स्वर्ण भी शामिल है। अंतिम कुंडू (65 किलो) ने रजत और रीना (57 किलो) , आरजू (68 किलो) और हर्षिता ( 72 किलो) ने कांस्य पदक जीते।