विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप: अगले राउंड में लक्ष्य सेन व एचएस प्रणॉय की इंट्री
बीडब्ल्यूएफ विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप के पुरुष एकल के राउंड ऑफ 64 में जीत हासिल करके भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन और एचएस प्रणॉय ने अगले राउंड में जगह बनाई।
वर्ल्ड रैंकिंग में 11वें स्थान पर मौजूद भारतीय खिलाड़ी ने जॉर्जेस जूलियन पॉल के ख़िलाफ़ शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और लगातार अंक हासिल करते हुए पहले गेम को 21-12 से जीता।
डेनमार्क के कोपेनहेगन में जारी टूर्नामेंट में भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन ने पुरुष एकल में मॉरीशस के जॉर्जेस जूलियन पॉल को सीधे गेम में 21-12, 21-7 से मात दी।

दूसरे गेम में लक्ष्य सेन ने छह प्वाइंट हासिल करते हुए अपनी बढ़त बरक़रार रखी और जूलियन पॉल को वापसी करने का कोई मौक़ा नहीं दिया।
लक्ष्य ने जूलियन पर दबाव बनाए रखा और दूसरे गेम में मॉरीशस शटलर को 21-7 से मात देकर, 25 मिनट तक चले इस मैच को जीता। यह लक्ष्य सेन की जॉर्जेस जूलियन पॉल के खिलाफ दूसरी जीत थी। भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी ने बर्मिंघम में आयोजित कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में भी पॉल को मात दी थी।
भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी एचएस प्रणॉय ने पुरुष एकल के राउंड ऑफ 64 में फिनलैंड के कल्ले कोलजोनेन को 24-22, 21-10 से मात देकर अगले राउंड में जगह बनाई।
एचएस प्रणॉय ने बेहतरीन शुरुआत के साथ बढ़त हासिल की, पहले गेम में जल्द ही दोनों प्लेयर्स के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। वर्ल्ड रैंकिंग में 9वें स्थान पर मौजूद एचएस प्रणॉय ने 24-22 से पहला गेम जीता।
आत्मविश्वास से लबरेज प्रणॉय ने दूसरे गेम में भी बढ़त बरक़रार रखी और फिनलैंड खिलाड़ी को वापसी करने का कोई मौक़ा नहीं दिया। इस तरह 43 मिनट तक चले मैच को एचएस प्रणॉय ने 24-22, 21-10 से जीता।
दूसरी ओर भारत की मिश्रित जोड़ी रोहन कपूर और एन सिक्की रेड्डी को राउंड ऑफ 64 में स्कॉटलैंड के एडम हॉल और जूली मैकफर्सन की जोड़ी के ख़िलाफ़ 14-21, 22-20, 18-21 से हार मिली।
भारतीय जोड़ी ने 59 मिनट तक चले इस मैच में स्कॉटलैंड जोड़ी को कड़ी टक्कर देने का प्रयास किया, अंत में उन्हें हार का सामना करना पड़ा।
सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की विश्व नंबर 2 जोड़ी को पहले दौर में बाई मिला है। इसके अलावा, महिला युगल में त्रिशा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी को भी पहले दौर में बाई मिला है।
दिन के अन्य मैच में 2021 विश्व चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता किदांबी श्रीकांत जापान के केंटा निशिमोटो के खिलाफ एक्शन में नज़र आएंगे।