Trending

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप : क्वॉर्टर फाइनल में हारी त्रिसा जॉली व गायत्री गोपीचंद की जोड़ी

वर्ल्ड बैडमिंटन चैंपियनशिप में महिला डबल्स में भारत की त्रिसा जॉली और गायत्री गोपीचंद की जोड़ी क्वॉर्टर फाइनल में हार गई। त्रिसा और गायत्री को कड़े मैच में चीन की चेन किंग चेन और जिया यि फान की जोड़ी ने हराया। चेन और जिया वर्ल्ड चैंपियनशिप में तीन बार गोल्ड मेडल जीत चुकी है और उनके नाम तीन बीडब्ल्यूएफ खिताब भी है।

कॉमनवेल्थ की कांस्य पदक विजेता भारतीय जोड़ी को पहले दौर में बाय मिला था। उन्होंने पॉजिटिव शुरुआत करके 5-2 से बढ़त बना ली और कुछ अच्छी रेलियां भी लगाई।

उनकी अनुभवी विरोधी टीम ने लगातार चार अंक लेकर स्कोर 6-6 कर दिया। दुनिया की 19वें नंबर की भारतीय जोड़ी पिछले दो सीजन में ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप के सेमीफाइनल में पहुंची थी।

भारतीय लड़कियां अपने से मजबूत प्रतिद्वंद्वी का सामना नहीं कर सकी। उन्हें 42 मिनट के भीतर चीनी जोड़ी ने 21 -14, 21-9 से हराया। दोनों जोड़ियों के बीच यह दूसरा ही मैच था। पिछले वर्ष जर्मन ओपन में भी दुनिया की नंबर वन चीनी जोड़ी ने भारतीय जोड़ी को हराया था।

ब्रेक तक चीनी जोड़ी ने 11-7 की बढ़त बना ली। त्रिसा ने कुछ अच्छे ड्रॉप शॉट खेलकर स्कोर 10-14 किया, इसके बाद चीनी जोड़ी ने वापसी कर मौका नहीं दिया।

दूसरे गेम में भी जिया ने जबरदस्त खेल दिखाते हुए भारतीय टीम को दबाव में रखा। चीनी जोड़ी ने लगातार बढत बनाए रखी और दूसरे गेम के साथ मैच जीता।