Trending

विश्व कप क्वालीफायर : फाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम की इंट्री

महिला एशियाई हॉकी 5एस विश्व कप क्वालीफायर के सेमीफाइनल में भारतीय महिला हॉकी टीम ने मलेशिया को 9-5 से मात देकर फाइनल में एंट्री ली।

बताते चले कि विश्व कप में क्वालीफाई करने के लिए भारत को शीर्ष तीन में रहना था और इस जीत के साथ भारतीय टीम शीर्ष आयोजन में आ गई है।

भारत मैच में शुरू से ही आक्रामक रहा, मलेशिया ने ज़ती मुहम्मद के गोल से चौथे मिनट में बढ़त बनाई। ज़ती मोहम्मद ने अगले ही मिनट मलेशिया की बढ़त दोगुनी कर भारत पर दबाव बनाया।

भारत ने अपनी आक्रामक नीति के बदलाव नहीं किया और उसे जल्द ही इसका फल भी मिला। भारत के लिए नवजोत कौर (सातवां, 10वां, 17वां मिनट) ने तीन गोल किए, मारियाना कुजूर (नौंवा, 12वां मिनट) और ज्योति (21वां, 26वां मिनट) ने दो गोल किए।

महिमा चौधरी (14वां) और मोनिका दीपी टोप्पो (22वां मिनट) ने एक एक गोला जमाया। मलेशिया के लिए ज़ती मुहम्मद (चौथा, पांचवां मिनट), डियान नाज़ेरी (10वां, 20वां मिनट) और अजीज़ ज़फीराह (16वां मिनट) ने गोल जमाए। कप्तान नवजोत कौर और मरियाना कुजूर ने क्रमश: सातवें और नौवें मिनट में गोल जमाकर भारत के लिए स्कोर बराबर किया।

नज़ेरी ने 10वें मिनट में मलेशिया का तीसरा गोल किया, 12वें मिनट तक नवजोत और कुजूर ने एक एक गोल जमाकर भारत को पहली बार बढ़त की स्थिति में पहुंचाया। महिमा ने 14वें मिनट में फील्ड गोल दागा और भारत हाफ टाइम तक 5-3 से आगे रहा।

दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने जोरदार शुरुआत की और जफीराह के गोल से मलेशिया एक बार फिर पहले स्कोर करने में सफल रहा, इसके बाद भारतीय टीम पूरी तरह प्रतिद्वंदी पर हावी हो गई। फुल टाइम से पहले मलेशिया ने कई मौके बनाए, नाज़ेरी (20वां मिनट) के अलावा कोई खिलाड़ी इन्हें गोल में नहीं बदल सका।

दूसरी ओर, भारत ने नवजोत, मोनिका और ज्योति (दो) ने मौकों को गोल में बदलते हुए भारत को जीत दिलाई। फाइनल में भारत का मैच बांग्लादेश या चीनी ताइपे में से किसी एक से होगा।