भारतीय टीम के टीवी व डिजिटल मीडिया राइट्स वायकॉम 18 के पास
बीसीसीआई के सभी घरेलू मैचों के डिजिटल और टीवी टेलीकास्ट के राइट्स रिलायंस इंडस्ट्रीज और पैरामाउंट ग्लोबल के संयुक्त अधग्रिहण वाली मीडिया कंपनी वायकॉम 18 ने हासिल कर लिए है।
टीवी पर भारतीय टीम के घरेलू मैचों का टेलीकास्ट स्पोर्ट्स 18 नेटवर्क करेगा, मोबाइल और लेपटॉप पर फैन्स जियो सिनेमा पर भारत के मुकाबलों को लाइव देख सकेंगे।
बीसीसीआई ने इसकी पुष्टि की। बीसीसीआई की ओर से ई-नीलामी प्रक्रिया का आयोजन हुआ, जिसमें अगले पांच वर्षों के लिए घरेलू मैचों के टीवी और डिजिटल टेलीकास्ट राइट्स को इस बार वायकॉम 18 ने हासिल किया है, जिसकी शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी घरेलू वनडे सीरीज से होगी।

बीसीसीआई सचिव जय शाह ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर पोस्ट किया, “अगले पांच वर्षों के लिए लीनियर (टीवी) और डिजिटल दोनों के लिए बीसीसीआई मीडिया अधिकार जीतने पर को वायकॉम 18 को बधाई।
भारतीय क्रिकेट दोनों ही क्षेत्रों में आगे बढ़ता रहेगा क्योंकि आईपीएल और डब्ल्यूपीएल के बाद हम बीसीसीआई मीडिया अधिकारों के साथ साझेदारी भी बढ़ाएंगे। हम साथ मिलकर क्रिकेट प्रशंसकों का ध्यान आकर्षित करना जारी रखेंगे।
गौरतलब है कि स्टार स्पोर्ट्स ने 2018 में 6,138 करोड़ रुपये (60 करोड़ रुपये प्रति मैच) की कीमत चुकाकर भारत के घरेलू मैचों के डिजिटल और टीवी टेलीकास्ट राइट्स हासिल किये थे।
वायकॉम 18 ने आज हुई नीलामी में 5,966.4 करोड़ (67.8 करोड़) की कीमत चुकाई है। जय शाह ने ट्वीट में लिखा, ”वर्षों से आपके समर्थन के लिये स्टार स्पोर्ट्स और डिज्नी प्लस हॉटस्टार को बहुत-बहुत धन्यवाद। आपने भारतीय क्रिकेट को दुनिया भर के प्रशंसकों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है।

इस नए चक्र में भारत ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के खिलाफ मैचों का आयोजन करेगा। भारत 21 खेलों के लिए ऑस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगा, जिसमें पांच टेस्ट मैच, छह वनडे और दस टी20 है।
इंग्लैंड के खिलाफ टीम 18 मैच खेलेगी, जिसमें 10 टेस्ट, तीन वनडे और पांच टी20 है। ये मैच इस अवधि के दौरान निर्धारित कुल 25 टेस्ट, 27 वनडे और 36 टी20 का हिस्सा है।
वायकॉम 18, डिज्नी स्टार और सोनी स्पोर्ट्स घरेलू मैचों के लिए बीसीसीआई मीडिया अधिकारों की रेस में थे। बीसीसीआई ने ई-नीलामी प्रक्रिया से अगले चक्र के लिए मीडिया अधिकार बेचे, आईपीएल लीग मीडिया अधिकारों की बिक्री के दौरान यही तरीका अपनाया गया था।
ई-नीलामी प्रक्रिया बीसीसीआई ने मीडिया अधिकार दो अलग-अलग पैकेजों में बेचे। टीवी के लिए आधार मूल्य 20 करोड़ रुपये प्रति मैच निर्धारित हुआ था।
डिजिटल अधिकारों के लिए आधार मूल्य 25 करोड़ रुपये निर्धारित हुआ था। आईसीसी इवेंट के 2024-27 चक्र के लिए टीवी प्रसारण अधिकार जी/सोनी के पास है, डिजिटल अधिकार हॉटस्टार के पास है।