Trending

डूरंड कप : मोहन बागान फाइनल में, ईस्ट बंगाल से खिताबी टक्कर

कोलकाता : डूरंड कप में अल्बानिया के अर्मांडो सादिकु ने खराब फॉर्म से उबरते हुए गोल किया जिससे मोहन बागान ने यहाँ पिछड़ने के बाद लौटे हुए एफसी गोवा को 2-1 से मात देकर फाइनल में जगह बना ली जहाँ पर उसकी टक्कर शहर के अपने चिर प्रतिद्वंद्वी ईस्ट बंगाल से होगी।

मोहन बागान ने 42वें मिनट में पेनल्टी पर जेसन कमिंग के गोल की बदौलत स्कोर 1-1 किया। रैफरी अश्विन का पेनल्टी का फैसला हालांकि विवादास्पद रहा।

ईस्ट बंगाल और मोहन बागान के बीच रविवार को होने वाला खिताबी मैच 2004 के फाइनल की पुनरावृत्ति होगा। मजबूत डिफेंस के साथ उतरी एफसी गोवा ने मैच का पहला गोल किया जब 23वें मिनट में मोरक्को के मिडफील्डर नोह सादोउ ने गेंद को गोल में पहुंचाया।

ह्यूगो बोमोस की जगह मैदान पर उतरने के चार मिनट के भीतर आर्मेनिया के स्थानापन्न खिलाड़ी सादिकु ने मोहन बागान की तरफ से अपना महत्वपूर्ण गोल किया और टीम की फाइनल में जगह सुनिश्चित की। सादिकु ने 61वें मिनट में संदेश झिंगन की गलती का फायदा उठाते हुए गोल किया जो निर्णायक साबित हुआ।

मोहन बागान के कोच ने आखिर मिनटों में ब्रेंडन हामिल और लिस्टन कोलासो को मैदान पर उताकर अपने डिफेंस को मजबूत किया। उनकी यह रणनीति कामयाब रही क्योंकि गोवा टीम कई मूव बनाने के बावजूद बराबरी का गोल करने में विफल रही।

गोलकीपर विशाल कैथ को भी टीम की जीत का श्रेय जाता है जिन्होंने दूसरे हाफ के इंजरी टाइम के दूसरे मिनट में जय गुप्ता के लगभग तय गोल को रोका।

मोहन बागान ने 2019 के बाद पहली बार डूरंड कप के फाइनल में जगह बना ली। तब टीम को गोकुलम केरल के खिलाफ हार मिली थी। मोहन बागान को 2004 के फाइनल में भी ईस्ट बंगाल के खिलाफ 1-2 से हार मिली थी।

टीम 2000 से इस टूर्नामेंट को जीतने में नाकाम रही। मोहन बागान ने तब महिंद्रा यूनाईटेड को गोल्डन गोल से हराया था। मोहन बागान और ईस्ट बंगाल दोनों ने 16 बार डूरंड कप खिताब जीता है।