Trending

एशिया कप : बांग्लादेश के खिलाफ श्रीलंका का विजयी आगाज

एशिया कप के दूसरे मैच में श्रीलंका टीम ने बांग्लादेश टीम को 5 विकेट से हराया। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 42.4 ओवर में सभी विकेट गंवाकर 164 रन बनाए। जवाब में लक्ष्य का पीछा करते हुए श्रीलंका टीम ने 39 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 165 रन बनाकर जीत दर्ज की।

श्रीलंका की तरफ से चरिथ असलांका ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से कप्तान शाकिब अल हसन ने 2 विकेट लिए।

बांग्लादेश की तरफ से नजमुल हुसैन शांतो ने अकेले ही संघर्ष करते हुए जुझारू पारी खेली लेकिन वह टीम को आगे नहीं ले जा पाए। आसान लक्ष्य को हासिल करने आई श्रीलंका टीम पारी के आगाज में कुछ लड़खड़ाती दिखी।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

दिमुथ करुणारत्ने (1) के रूप में टीम को पहला झटका 13 के स्कोर पर ही लग गया। 15 के स्कोर पर पथुम निसांका (14) भी आउट हुए। चौथे विकेट के लिए सदीरा समराविक्रमा और असलांका ने 119 गेंदों में 78 रन जोड़ते हुए टीम की वापसी कराते हुए जीत का मार्ग खोला।

समराविक्रमा ने शुरुआती झटकों के बाद टीम के संभालते हुए शानदार पारी खेली। उन्होंने 70.13 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 77 गेंदों में 54 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 6 चौके मारे। यह उनके वनडे करियर का चौथा अर्धशतक रहा।

इस वर्ष का यह उनका तीसरा अर्धशतक है। इस वर्ष उन्होंने 8 पारियों में 45.14 की शानदार औसत के साथ 316 रन बनाए है। बांग्लादेश की तरफ से अकेले शांतो ने ही संघर्ष किया। उनके अलावा सभी बल्लेबाजों ने निराश किया। उन्होंने पारी में 72.95 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 122 गेंद में 89 रन बनाए। इस पारी में उन्होंने 7 चौके भी मारे।

साभार : ईएसपीएन क्रिकइन्फो

यह उनके वनडे क्रिकेट करियर की दूसरी सर्वश्रेष्ठ पारी रही। वह 11 रन से अपना दूसरा वनडे शतक जमाने से चूक गए। उनका एकमात्र शतक मई 2023 में आयरलैंड टीम के खिलाफ आया था।

शांतो एशिया कप के वनडे फॉर्मेट में बांग्लादेश टीम की तरफ से श्रीलंका में दूसरी सबसे बड़ी पारी (89) खेलने वाले बल्लेबाज बने। पहले नंबर पर पूर्व बल्लेबाज जुनैद सिद्दीकी का नाम है। उन्होंने साल 2010 में पाकिस्तान के खिलाफ 97 बनाए थे।

शांतो ने वनडे में श्रीलंका के खिलाफ बांग्लादेश की तरफ से तीसरे नंबर पर खेलते हुए सर्वोच्च स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बने। उन्होंने मोहम्मद अशरफुल (75) का रिकॉर्ड तोड़ा।

श्रीलंका की तरफ से इस मैच में युवा गेंदबाज पथीराना ने इस फॉर्मेट में अपनी अभी तक की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी की। उन्होंने 7.2 ओवर गेंदबाजी करते हुए 4.20 की इकॉनमी से गेंदबाजी करते हुए 32 रन देकर 4 विकेट अपनी झोली में डाले।

उन्होंने कप्तान शाकिब अल हसन (5) को अपना पहला शिकार बनाया। खतरनाक नजर आ रहे मुशफिकुर रहीम (13) को भी आउट किया। तस्कीन अहमद और मुस्तफिजुर रहमान भी उनके शिकार बने।

पथीराना ने इस मैच में यादगार गेंदबाजी करते हुए एक खास रिकॉर्ड बनाया। वह एशिया कप में 4 विकेट हॉल लेने वाले 5वें सबसे युवा गेंदबाज बने। उन्होंने 20 साल और 256 दिन की उम्र में यह रिकॉर्ड बनाया। इस सूची में पहले नंबर पर भारत के पीयूष चावला है। चावला ने 19 साल और 184 दिन की उम्र में यह कारनामा किया था।