केएल राहुल की फिटनेस को मेडिकल टीम से ग्रीन सिग्नल
पिछले काफी टाइम से भारतीय टीम से बाहर चल रहे केएल राहुल की जल्द टीम में वापसी हो सकती है। रिपोर्ट के अनुसार केएल राहुल एशिया कप के लिए जल्द भारतीय टीम से जुड़ेंगे। राहुल के फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद उनका चयन वर्ल्ड कप के स्क्वॉड में भी तय माना जा रहा है। ऐसे में संजू सैमसन का पत्ता कटना तय है।
बीसीसीआई की निगाह केएल राहुल की मैच फिटनेस पर रहेगी। अगर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी तीन मैच की वनडे सीरीज तक राहुल मैच फिटनेस नहीं हासिल कर पाते तो उनकी जगह संजू सैमसन को अवसर मिल सकता है।
एक अंग्रेजी अखबार की रिपोर्ट के अनुसार, केएल राहुल को मेडिकल टीम ने ग्रीन सिगनल दे दिया है और वह एशिया कप के लिए जल्द ही श्रीलंका की उड़ान भरेंगे।
आईपीएल 2023 के दौरान केएल राहुल चोटिल हो गए थे, सर्जरी के बाद उन्होंने एनसीए में काफी पसीना बहाकर अपनी फिटनेस पर काम किया।

एशिया कप शुरू होने से ठीक पहले वह फिर चोटिल हो गए, यह चोट पहली वाली चोट से अलग थी। मगर अब उन्होंने यह पड़ाव भी पार कर फिटनेस टेस्ट क्लीयर कर लिया है। बता दें, वर्ल्ड कप के लिए टीम इंडिया की घोषणा आज हो सकती है। केएल राहुल को पहले 15 प्लेयर्स में चुना जाएगा।
बीसीसीआई के पास स्क्वॉड में बदलाव करने के लिए 27 सितंबर तक का समय होगा। ऐसे में वह केएल राहुल पर करीबी नजर बनाए रखेंगे।
केएल राहुल एशिया कप के सुपर-4 स्टेज के लिए चयन के लिए उपलब्ध होंगे, देखने वाली बात यह होगी कि ईशान किशन के रहते वह टीम में जगह बना पाते है या नहीं।
दरअसल, केएल राहुल की गैरमौजूदगी में ईशान को नंबर-5 पर केएल राहुल की जगह खेलने का अवसर मिला और बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 82 रन की की शानदार पारी खेल टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।
ईशान के पास नेपाल के खिलाफ परफॉर्म कर प्लेइंग इलेवन में अपनी जगह पक्की करने का शानदार अवसर है। बता दें, श्रीलंका के लिए उड़ान भरने से पहले विकेट कीपर बल्लेबाज केएल राहुल पत्नी अथिया शेट्टी के साथ बेंगलुरु के घाटी सुब्रमण्यम मंदिर में प्रार्थना करते नजर आए थे।