Trending

एशिया कप : सुपर चार में जगह पक्की करने पर भारत की निगाह

एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ भारत का पहला मैच बारिश के चलते नहीं पाया। अब भारत का नेपाल के साथ मैच होगा जिसमें रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम बड़ी जीत दर्ज करके इस टूर्नामेंट के सुपर चार में जगह पक्की करने पर होगी।

नेपाल का गेंदबाजी आक्रमण पाकिस्तान की तरह मजबूत नहीं है और ऐसे में आक्रामक अंदाज में ईशान किशन बल्लेबाजी करके अपने नाम के आगे कुछ रन जोड़ना चाहेंगे।

पंड्या की अर्धशतकीय पारी से टीम प्रबंधन खुश होगा। उन्होंने पहले किशन के सहयोगी की भूमिका अच्छे से निभाई और बाद में आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की।

पाक ग्रुप ए से पहले ही सुपर चार में जगह बना चुका है। उसके दो मैचों में तीन अंक है। पाक के खिलाफ मैच बारिश की वजह से रद्द होने से भारत को एक अंक मिला है।

सोमवार को होने वाला मैच भी बारिश की भेंट चढ़ जाता है तो भारत दो अंकों के साथ सुपर चार में पहुंच जाएगा, रोहित शर्मा और उनके साथी निश्चित तौर पर इस तरह से आगे नहीं बढ़ना चाहेंगे।

नेपाल के खिलाफ भारत का यह पहला इंटरनेशनल मैच होगा, इससे पहले आज तक दोनों टीमों का अंतरराष्ट्रीय स्तर पर किसी भी फॉर्मेट में मैच नहीं हुआ था। नेपाल भारत के खिलाफ खेलने वाली 20वीं टीम बनेगी।

पाक के खिलाफ मैच में भारत के लिए कुछ सकारात्मक पहलू रहे, जिन्हें वह टूर्नामेंट में आगे भी जारी रखना चाहेगा। पाक के तेज गेंदबाजों शाहीन शाह अफरीदी और हारिस रऊफ ने भारत का शीर्ष क्रम थर्राकर एक समय उसका स्कोर चार विकेट पर 66 रन कर दिया था।

अपने वनडे करियर में पहली बार पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन और ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या ने पांचवें विकेट के लिए 138 रन जोड़कर भारत का स्कोर 266 रन तक पहुंचाया।

किशन ने प्रभावशाली बल्लेबाजी की और शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के नहीं चलने के बाद एक छोर संभाले रखा। किशन पांचवें नंबर पर चल पाएंगे या नहीं, इसको लेकर संदेह जाहिर किया जा रहा था, उन्होंने परिस्थितियों के मुताबिक़, रक्षात्मक और आक्रामक खेल का सुंदर नजारा पेश करके साबित किया कि वह मध्यक्रम में भी कामयाब हो सकते है।

पाक के तेज गेंदबाजों के सामने भारत के चोटी के चार बल्लेबाज रोहित शर्मा, विराट कोहली, शुभमन गिल और श्रेयस अय्यर नहीं चल पाए और टीम प्रबंधन चाहेगा कि यह चारों बल्लेबाज जल्द से जल्द खुद को वनडे क्रिकेट के अनुकूल ढाल दें।

रोहित और कोहली को वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज में विश्राम मिला था, अय्यर चोट से उबरने के बाद लौट रहे है। इन तीनों बल्लेबाजों के पास नेपाल के खिलाफ बड़ा स्कोर बनाने का अवसर होगा।

भारत को यह निराशा होगी उसके गेंदबाजों को पाकिस्तान के बल्लेबाजों के सामने अपना कौशल दिखाने का अवसर नहीं मिला। टीम प्रबंधन यह देखने के लिए बेताब होगा कि तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह 10 ओवर करने और 50 ओवर तक क्षेत्ररक्षण करने में किस हद तक सक्षम है।

नेपाल टूर्नामेंट के पहले मैच में पाकिस्तान से 238 रन से हारा था और उसका लक्ष्य अब भारत के सामने कुछ चुनौती पेश करने का होगा। उसकी उम्मीदें लेग स्पिनर संदीप लामिछाने और कप्तान रोहित पौडेल पर टिकी होंगी।

टीम:

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, इशान किशन, हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), रविंद्र जडेजा, अक्षर पटेल, शार्दुल ठाकुर, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन (रिजर्व)।

नेपाल: रोहित पौडेल (कप्तान), कुशल भुर्टेल, आसिफ शेख, भीम शर्की, कुशल मल्ला, आरिफ शेख, दीपेंद्र सिंह ऐरी, गुलशन झा, सोमपाल कामी, करण केसी, संदीप लामिछाने, ललित राजबंशी, प्रतीश जीसी, मौसम ढकाल, संदीप जोरा , किशोर महतो, अर्जुन साउद.